गंगा की रेती पर बसने लगा 'तंबुओं का शहर', 22 नवंबर को ध्वजा पूजन के साथ बहेगी आस्था की बयार
संभल में गंगा मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जहाँ आस्था का संसार सजने को तैयार है।

मेला क्षेत्र में तंबु लगने शुरू हो गए हैं। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
मेले का शुभारंभ 22 नवंबर को ध्वजा पूजन से होगा।
प्रभारी मंत्री करेंगे मेले का उद्घाटन और प्रदर्शनी का निरीक्षण।
24 नवंबर को श्रद्धालु करेंगे पवित्र गंगा स्नान।
जागरण संवाददाता, संभल। गंगा की रेती पर एक बार फिर आस्था का संसार सजने लगा है। दूर-दूर तक तंबुओं का शहर बसने लगा है और गंगा की लहरों के बीच श्रद्धा, भक्ति और विश्वास की बयार बहने की तैयारी है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
जिला पंचायत प्रशासन मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। मेले का शुभारंभ 22 नवंबर को ध्वजा पूजन और रुद्राभिषेक के साथ होगा। प्रभारी मंत्री मेला उद्घाटन करने के साथ प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। मां गंगा का पूजन, दुग्धाभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन भी करेंगे। मेले में कृषक गोष्ठी, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
24 नवंबर को श्रद्धालु गंगा स्नान करेंगे। उधर, गुरुवार को डीएम मेला स्थल पर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लेंगे। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने मेला स्थल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मेला कोतवाली से लेकर पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि तंबुओं के शहर को बसाने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश, सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गंगा मेला कार्यक्रम
- 22 नवंबर 2026 (रविवार)
- सुबह 10:00 बजे - ध्वजा पूजन
- सुबह 11:00 बजे - रुद्राभिषेक
- इसके बाद - प्रभारी मंत्री द्वारा मेला उद्घाटन, प्रदर्शनी का निरीक्षण, मां गंगा का पूजन, दुग्धाभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन
- शाम 5:30 बजे - मां गंगा की आरती
- शाम 7:00 बजे - सांस्कृतिक कार्यक्रम
23 नवंबर 2026 (सोमवार)
- सुबह 10:00 बजे - कृषक गोष्ठी
- दोपहर 3:00 बजे -सांस्कृतिक कार्यक्रम
- शाम 5:30 बजे - मां गंगा की आरती
- शाम 6:00 बजे - कवि सम्मेलन
- रात 9:00 बजे - सांस्कृतिक कार्यक्रम
24 नवंबर 2026 (मंगलवार)
- प्रात:काल से - श्रद्धालुओं का गंगा स्नान
- शाम 5:30 बजे - मां गंगा की आरती
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।