विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल में देर रात इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग, शटर तोड़कर बुझाई लपटें; 10 लाख का सामान राख

Published: Wed, 30 Sep 2026 01:40 PM (GMT+05:30)

संभल के मढ़न अड्डे पर देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे लगभग 10 लाख रुपये ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, संभल। असमोली के मढ़न अड्डे पर मंगलवार की देर रात बंद इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने पुलिस और दुकान स्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराई।

इसके बाद दमकल कर्मियों ने शटर का ताला तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में करीब 10 लाख रुपये का इलेक्ट्रानिक सामान और फर्नीचर जलकर राख हो गया।

गांव रतूपुरा निवासी मोहम्मद आकिल की मढ़न अड्डे पर फिरोज टेलीकाम के नाम से इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। मंगलवार की शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे।

रात करीब 12 बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखा। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और मढ़न चौकी प्रभारी अनुज चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

आग की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने टांडा कोठी बिजली उपकेंद्र से संपर्क कर बिजली की लाइन बंद कराई और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल टीम ने पहुंचकर शटर का ताला तोड़ा और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया।

काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान में रखा एसी, फ्रिज, कूलर, बैटरियां, इन्वर्टर, फर्नीचर समेत अन्य सामान जल चुका था। दुकान स्वामी ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताते हुए करीब आठ से 10 लाख रुपये के नुकसान की बात कही।

यह भी पढ़ें- संभल हिंसा मामला: 148 आरोपी गिरफ्तार, 74 उपद्रवियों के पोस्टर जारी होने के बाद भी सुराग नहीं