विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बड़ी लापरवाही: बच्चे को सांप ने काटा, जिला अस्पताल में लगा दिया कुत्ते के काटने का इंजेक्शन; ICU में भर्ती

Published: Wed, 23 Sep 2026 08:28 PM (IST)

संभल के जिला अस्पताल में सांप काटने पर एक बच्चे को कथित तौर पर एंटी-वेनम की जगह एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगा ...और पढ़ें

जिला अस्पताल में भर्ती बच्चा

जिला अस्पताल में भर्ती बच्चा

HighLights

  1. निजी अस्पताल में आईसीयू में चल रहा बच्चे का इलाज, सीएमएस ने तीन डाक्टरों की जांच कमेटी बनाई

जागरण संवाददाता, संभल। गांव ईसापुर मूसापुर के बच्चे को सांप ने काट लिया तो स्वजन जिला अस्पताल लेकर आए। आरोप है कि यहां पर एंटी-वेनम की जगह एंटी रैबीज इंजेक्शन लगा दिया गया। स्वजन घर ले गए तो उसकी हालत बिगड़ गई। जिस पर बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रकरण का संज्ञान लेकर जिला अस्पताल के सीएमएस ने तीन डाक्टरों की जांच कमेटी बनाई है।

गांव ईसापुर मूसापुर में अबुल हसन का कहना है कि बेटे अदीब के दायें हाथ की उंगली में 21 सितंबर को उस वक्त सांप ने डंस लिया था जबकि उसने खेलने के दौरान कंचे के छेद में जाने पर हाथ डाल दिया था।

उसकी हालत बिगड़ने पर स्वजन दोपहर करीब 1.50 बजे जिला अस्पताल लेकर आए। पर्चा बनवाने के बाद इमरजेंसी वार्ड में दिखाया। आरोप है कि यहां बच्चे को दर्द की दवा देने के साथ एंटी रैबीज इंजेक्शन लगा दिया गया।

स्वजन उसे घर ले गए तो शाम को दवा खाने के बाद उल्टी होने लगी। स्वजन दोबारा अस्पताल लेकर आए तो डाक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्वजन ने बच्चे को चंदौसी मार्ग पर निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है।

अबुल हसन का कहना है कि जिला अस्पताल में इलाज को लेकर लापरवाही बरती गई जबकि सांप स्नेचर ने भी बच्चे को देखकर सांप द्वारा डंसे जाने की बात कही है। फिर भी बच्चे को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगा दिया गया।

जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. राजेंद्र सैनी ने कहा कि 21 सितंबर को जिस डाक्टर की इमरजेंसी में ड्यूटी थी, उन्हें बच्चे को नहीं दिखाया गया और न ही पर्चे पर उन्होंने इलाज के बारे में लिखा। यह जांच का विषय है कि किसने पर्चे पर लिखते हुए इलाज किया।

सीएमएस ने बताया कि डाॅ. राजेश कुमार, डाॅ. अजफर कमाल, डाॅ. संदीप सिंह की जांच कमेटी बनाई है। दो दिन में कमेटी की जांच रिपोर्ट मिलने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- संभल हिंसा: जलाई गई कार का क्लेम खारिज करने पर फंसी बीमा कंपनी, उपभोक्ता आयोग ने ब्याज समेत दिया बड़ा फैसला