'पापा की डांट से रूठे', 13 साल की बहन और 12 साल का भाई अचानक हुए गायब; पुलिस की इस चाल से बचे
पिता की डांट से रूठे 13 साल की बहन और 12 साल के भाई अचानक लापता हो गए। सादातबाड़ी से ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
पढ़ाई को लेकर पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकले थे दोनों
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। पिता की डांट से नाराज 13 वर्षीय किशोरी और उसका 12 वर्षीय भाई घर लौटने के बजाय नोएडा पहुंच गए। दोनों के गायब होने से स्वजन की चिंता बढ़ गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के सहारे करीब आठ घंटे की तलाश के बाद दोनों को नोएडा के सेक्टर-49 स्थित बरौला से सकुशल बरामद कर लिया।
29 सितंबर की शाम करीब छह बजे दोनों भाई-बहन काली मंदिर परिसर में शनिदेव मंदिर के पास खेल रहे थे। इसके बाद उनका पता नहीं चला। 30 सितंबर की शाम सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। बच्चों के नोएडा पहुंचने का सुराग मिला। पुलिस टीम बरौला क्षेत्र में पहुंची और तलाश शुरू की। बच्चों ने बताया कि पिता ने पढ़ाई को लेकर डांटा था।
इससे नाराज होकर दोनों पहले सादातबाड़ी स्थित प्राचीन पातालेश्वर शिव मंदिर पहुंचे। वहां से पाठकपुर गए और फिर निजी वाहन से नोएडा पहुंच गए। वहां उनकी एक सहेली परिवार के साथ रहती है।
दोनों ने रात उसके घर पर बिताई। पुलिस के अनुसार बच्चों के पिता राजू शर्मा भी परिवार के साथ नोएडा के इसी क्षेत्र में रहकर काम कर चुके हैं। इससे बच्चों को क्षेत्र की कुछ जानकारी थी। दोनों बच्चों को पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चों को नोएडा ले जाने के संबंध में एक युवक पर भी आरोप लगा था, लेकिन पुलिस की जांच में बच्चों के अपनी इच्छा से उसके साथ जाने की बात सामने आई। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से सुराग जुटाने पर बच्चे मिले हैं।
बच्चों के प्रति अपनाएं धैर्य और प्यार : डाॅ. विशेष चौहान
जिला अस्पताल के मानसिक रोग विशेषज्ञ मेजर डाॅ. विशेष चौहान ने बताया कि आजकल बच्चों में सहनशीलता पहले की अपेक्षा कम होती जा रही है। इसकी एक वजह बदलती पारिवारिक स्थिति भी है।
अब अधिकतर परिवार एकल हो गए हैं, जिसका असर बच्चों की परवरिश और उनके व्यवहार पर भी दिखाई देता है। ऐसे में बच्चों को डांटने या हर बात पर रोकने के बजाय प्यार और धैर्य से समझाना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- 16 साल में ही 'खंडहर' बनी 132 परिवारों की दुनिया! संभल की इस कालोनी में छत से टपकता है खौफ
