विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों में ऑनलाइन शॉपिंग पड़ न जाए भारी: संभल ASP की चेतावनी- खाते से कटे पैसे तो तुरंत डायल करें यह नंबर

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:21 PM (IST)

संभल के अपर पुलिस अधीक्षक सुमित रामटेके ने 'प्रश्न पहर' कार्यक्रम में जनता के सवालों के जवाब दिए और पुलिस-जनता ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दैनिक जागरण के प्रश्न पहन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी सुमित रामटेके ने दिए सवालों के जवाब

जागरण संवाददाता, संभल। दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी सुमित रामटेके ने फोन पर पाठकों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर उन्होंने लोगों को साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की सलाह दी।

आनलाइन खरीदारी, आकर्षक आफर और डिजिटल भुगतान के दौरान सावधानी बरतें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ ओटीपी साझा करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।

सवाल : असमोली थाना क्षेत्र के गांव हीरापुर में अवैध खनन हो रहा है। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। -शाह आलम, ओबरी

जवाब : मामले की जानकारी कराई जाएगी। यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

सवाल : असमोली थाना क्षेत्र के गांव सैदपुरजसकोली में किसानों के नलकूपों से चोरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। एक ही रात में कई नलकूपों को चोर निशाना बना रहे हैं। - हितेश कुमार, सैदपुरजसकोली।

जवाब : गांव पहुंचकर मामले की जानकारी करेंगे। पीड़ित किसानों से मिलकर चोरी की घटनाओं और अब तक हुई कार्रवाई के बारे में पता लगाया जाएगा।

Police Profile_ Sumit Ramteke

सवाल : साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। कुछ दिन पहले अनजान लिंक पर क्लिक करने से मेरे भाई के खाते से 97 हजार रुपये निकल गए। इसकी शिकायत चंदौसी कोतवाली में की है। - बिलाल, जनेटा

जवाब : अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। गलती से ऐसा होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें। इससे ठगी की रकम को रोकने में मदद मिल सकती है। आपकी शिकायत के संबंध में भी जानकारी कराई जाएगी कि कार्रवाई कहां तक पहुंची है।

सवाल : असमोली क्षेत्र में रात के समय पुलिस की गश्त कम हो गई है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। - जागीरथ सिंह, गांव शाहपुर सोत

जवाब : रात में स्वयं क्षेत्र में जाकर पुलिस बल के साथ गश्त करेंगे। साथ ही संबंधित थाना प्रभारी को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे।

सवाल : 25 अक्टूबर को कैला देवी मंदिर परिसर में दशहरा मेले के दौरान मैं नल पर पानी पी रहा था। इसी बीच भीड़ के दौरान एक दरोगा ने मुझे गिरा दिया, जिससे चोट लगी। घटना का वीडियो भी मेरे पास है। -सुमित, गांव रोरादीप

जवाब : आपके पास घटना का वीडियो है तो उसे उपलब्ध कराएं। प्रकरण की जानकारी कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

सवाल : क्या सड़क पर बाइक के साथ खड़े होने पर भी यातायात पुलिस चालान काट सकती है। - राजेश कुमार, गुन्नौर

जवाब : बाइक के साथ सड़क पर खड़े होने मात्र से चालान नहीं काटा जा सकता। हालांकि, यदि बाइक नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ी है या यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो कार्रवाई की जा सकती है।

जागरण के पांच सवाल

पहला सवाल : संभल शहर दंगों से प्रभावित है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था के लिए क्या करेंगे, क्योंकि पहली बार एएसपी के पद पर आइपीएस अधिकारी के रूप में आपकी तैनाती यहां पर हुई है?

जवाब : संभल शहर में पुलिस और जनता के बीच में जो दूरी है। उसे समन्वय बनाकर दूर किया जाएगा। दोनों की जो, डिमांड होंगी। उन्हें पूरा भी किया जाएं। तभी समन्वय बेहतर हो पाएगा।

बात रही दंगों की तो ऐसा माहौल कोई वर्ग या समाज नहीं करता है बल्कि कुछ लोग करते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस गलत मानसिकता वाले लोगों पर नजर रख रही है। बाकी निगरानी के लिए ड्रोन और दूरबीन का उपयोग संभल में बढ़ाया गया है।

दूसरा सवाल : संभल शहर में आधी-आधी रात में कई स्थानों पर युवाओं की टोलियां मौजूद रहती हैं। बाइक-कारों से स्टंट भी किए जाते हैं। इस पर पुलिस का क्या एक्शन होगा?

जवाब : ऐसी जानकारी मिली थी कि कुछ स्थानों पर रात में लोग जुटते हैं। इसलिए उन स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है। क्योंकि इन्हीं स्थानों से अपराध की योजनाएं बनती हैं। फिर वारदात को अंजाम दिया जाता है।

तीसरा सवाल : कैलादेवी और असमोली थाना क्षेत्र में टयूबबेल पर चोरी की घटनाएं बढ़ी हुई हैं। इससे किसानों में नाराजगी है?

जवाब : दोनों सर्किलों में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस लगातार इन चोरों को पकड़ने के लिए कार्य कर रही है। लेकिन, अब हम चाेरों को पकड़ने के साथ-साथ उन लोगों पर भी शिकंजा कसेंगे जो, यह माल खरीदते हैं। ऐसे कबाड़ी, वाहन चालक आदि पर भी कार्रवाई होगी।

चौथा सवाल : त्योहारी सीजन में यातायात के क्या विशेष प्रबंध पुलिस कर रही है?

जवाब : त्योहारी सीजन पर यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस तैयार है। मुख्य बाजारों में वन-वे और जहां पर ज्यादा संकरे मार्ग हैं, वहां पर चार पहिया और ई-रिक्शाओं पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। अधिक डयूटी लगाई जाएगी। सराफा मार्केट की निगरानी होगी।

पांचवां सवाल : अब त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है? साइबर अपराधी भी आफर देकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। कैसे सतर्क रहा जाएगा और तुरंत शिकायत कैसी होगी?

जवाब : देखिएगा, साइबर अपराध का शिकार तभी होगा। जब व्यक्ति के अंदर डर और लालच होगा। इसलिए अगर, कोई डिजिटल अरेंस्ट की बात करें तो घबराएं नहीं, बल्कि पुलिस को सूचना दें।

कोई लालच दे कि पैसा दोगुना होगा, ओटीपी बता दें तो बिल्कुल न बताएं। अगर, लालच किया तो फंस जाएंगे। अगर, फंस भी गए और खाते से पैसे कट गए तो तुरंत 1930 पर फोन करें। आपका खाता फ्रीज हो जाएगा और रिकवरी होने की पूरी संभावनाएं रहेंगी।

यह भी पढ़ें- 'हमने 5 लाख को रोजगार दिया, राहुल देंगे?' संभल में स्वामी रामदेव का राहुल गांधी पर निशाना, सीएम योगी की सराहना