आजम खां के करीबी सपा नेता फिरोज खां ने कहा-मुझे जया प्रदा से खतरा, दी जाए सुरक्षा
लोकसभा चुनाव के दौरान रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जया प्रदा पर अभद्र टिप्पणी करने वाले सम्भल में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यछ फिरोज खां ने जयाप्रदा से जान का खतरा बताया है।
सम्भल, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां तथा रामपुर से उनके खिलाफ भाजपा की प्रत्याशी रहीं फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा के बीच लंबे समय से जारी जंग में शामिल होने वाले नेता फिरोज खां ने जया प्रदा से अपनी जान को खतरा बताया है। आजम खां तथा मुरादाबाद से सपा के सांसद डॉ. एसटी हसन के खिलाफ केस दर्ज कराने के बाद जया प्रदा ने सम्भल में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फिरोज खां के खिलाफ अभद्र भाषा प्रयोग करने के मामले में केस दर्ज कराया है।
लोकसभा चुनाव के दौरान रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जया प्रदा पर अभद्र टिप्पणी करने वाले सम्भल में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यछ फिरोज खां ने जयाप्रदा से जान का खतरा बताया है। उन्होंने एसडीएम कार्यलय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि जया प्रदा से जान का खतरा है। वह उन्हें जान से मरवा सकती हैं। अपने समर्थकों के साथ पहुंचे सपा नेता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा नेत्री जया प्रदा से वह और उनका परिवार बुरी तरह डरा हुआ है। डर का आलम यह है कि उनको और परिवार के लोगों को घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। उन्होंने सुरक्षा की मांग की है।
फिरोज खां ने केस दर्ज होने के बाद कहा सत्ता के दबाव में मेरे खिलाफ झूठा केस दर्ज किया गया है। भाजपा नेत्री जयप्रदा पर अमर्यादित बयानबाजी के आरोप में सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कल कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। उन्होंने कहा कि अगर इस झूठे मुकदमों को वापस नहीं लिया गया तो सड़कों पर उतरकर आन्दोलन किया जाएगा। इसके साथ ही थानों का घेराव करने की बात भी कही गई है।
सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने कार्यकर्ताओं के साथ तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी दीपेन्द्र यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि रामपुर में भाजपा नेत्री जयाप्रदा ने रामपुर सांसद आजम खां, मुरादाबाद सांसद डॉ. एसटी हसन, अब्दुला आजम खां, अजहर खां, फिरोज खां, सैयद आरिफ हसन के खिलाफ अभ्रद टिप्पणी के विरोध में झूठा मुकदमा दर्ज किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सत्ता के दबाव में चुनाव खत्म होने के बाद मुकदमें दर्ज कर परेशान करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द मुकदमें को वापस नहीं लिया गया तो सड़कों पर उतरकर आन्दोलन किया जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां का कहना है कि जल्द थानों का घेराव कर विरोध जताया जाएगा।
उप चुनाव में भाजपा की मदद करना चाहता है प्रशासन : आजम खां
रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां ने कहा कि प्रशासन ने जिस तरह लोकसभा चुनाव में हमें हराने के लिए पूरा जोर लगाया। उसी तरह से अब विधानसभा उपचुनाव में भी अधिकारी भाजपा की मदद करना चाहते हैं। उन्होंने गांधी समाधि पर प्रदर्शन कर रहीं सपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को पुलिस के रोकने पर नाराजगी जताई। आजम ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में पार्टी की महिलाएं गांधी समाधि पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रही थीं। पुलिस ने महिलाओं को रोका। उनके साथ अभद्रता की। यह असहनीय, अशोभनीय और निदंनीय है। गांधी समाधि परिसर में धारा 144 नहीं लग सकती है। पुलिस ने जो वहां किया, वह अभद्र और अश्लील था। मैं अन्य सांसदों से बात करूंगा। स्पीकर के सामने भी मामला रखा जाएगा।
फिरोज खां ने की थी अभद्र टिप्पणी
समाजवादी पार्टी सम्भल के जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने लोकसभा चुनाव के दौरान जया प्रदा के खिलाफ विवादित बयान देते हुए कहा था कि अब रामपुर के लोगों की शामें रंगीन हो जाएंगी। मुझे डर है कि सम्भल के लोग भी कहीं अपनी शामें रंगीन करने रामपुर न चलें जाएं। वो यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि जया प्रदा पैरों में घुंगरू बांध कर गाडिय़ों का जाम भी खुलवा देती हैं। फिरोज खां रामपुर के सांसद आजम खां के करीबी नेताओं में माने जाते हैं।