जन्मदिन पर 10वीं छात्रा रिया यादव को मिला खास तोहफा, एक दिन के लिए बनी संभल की DIOS
मिशन शक्ति अभियान के तहत संभल की कक्षा 10 की छात्रा रिया यादव को उनके जन्मदिन पर एक दिन के लिए डीआईओएस बनाया गया।

मिशन शक्ति के तहत एक दिन की डीआईओएस बनी कक्षा 10 की छात्रा रिया यादव समस्या सुनती हुई
HighLights
रिया यादव एक दिन के लिए बनीं संभल की डीआईओएस।
मिशन शक्ति अभियान के तहत मिला यह खास अवसर।
जन्मदिन पर मिला प्रशासनिक कार्य समझने का अनूठा उपहार।
जागरण संवाददाता, संभल। मिशन शक्ति विशेष अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, लहरावन की कक्षा 10 की छात्रा कुमारी रिया यादव को एक दिन के लिए डीआईओएस बनाया गया।
रिया के लिए यह एक यादगार अनुभव के साथ ही बालिकाओं को आगे बढ़ने का संदेश भी रहा। एक दिन की डीआईओएस के रूप में रिया ने कार्यालय पहुंचकर मिशन शक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में तेजी लाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
संयोग की बात रही कि 16 अक्टूबर को ही रिया यादव का जन्मदिन भी था। ऐसे खास दिन पर यह दायित्व मिलना उनके लिए जन्मदिन का अनूठा उपहार साबित हुआ। इस पहल से रिया को जहां प्रशासनिक कार्यों को समझने का अवसर मिला, वहीं अन्य छात्राओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा मिली।
डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना, उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। इस अवसर पर डीआईओएस सीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।
