नहीं पहुंची एंबुलेंस, दो घंटे तक तपती सड़क पर पड़ी रही महिला
चन्दौसी गर्मी अधिक होने के चलते एक ग्रामीण महिला बेहोश होकर तपती हुई सड़क पर गिर पड़
चन्दौसी: गर्मी अधिक होने के चलते एक ग्रामीण महिला बेहोश होकर तपती हुई सड़क पर गिर पड़ी। आसपास के लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को पांच बार फोन किया, लेकिन इसके बाद भी दो घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची। तब जाकर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को नगर के स्टेशन रोड पर एक बुजुर्ग महिला चिलचिलाती धूप व भीषण गर्मी के दौरान चक्कर खाकर गिर गई और बेहोश हो गई। महिला के गिरते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने भी फोन किया तो लखनऊ से कहा गया कि अभी एंबुलेंस खाली नहीं है। जबकि घटना स्थल से सरकारी अस्पताल में दूरी मात्र 200 मीटर की थी। कई बार फोन करने के बाद भी एंबुलेंस दो घंटे बाद पहुंची। इस दौरान तपती सड़क पर महिला इसी तरह पड़ी रही। बेहोश होने के चलते महिला का नाम पता नहीं चल पाया। सीएमओ अमिता सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच कराई जाएगी।