विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोना 24 हजार रुपये सस्ता तो चांदी के दाम में भी भारी गिरावट, साल के अंत तक कितना रह सकता है Gold Silver रेट?

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:54 PM (IST)

नवंबर में सोने और चांदी के दामों में भारी गिरावट आई है, जिससे निवेशक और खरीदार असमंजस में हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि साल के अंत तक कीमतों में और कमी आ सकती है।

शादी के सीजन में गिरे सोने-चांदी के दाम। फाइल फोटो

शादी के सीजन में गिरे सोने-चांदी के दाम। फाइल फोटो

HighLights

  1. सोने के दाम नवंबर में 1.5 लाख से 1.26 लाख तक गिरे।

  2. चांदी भी 3.80 लाख से 1.55 लाख प्रति किलो तक गिरी।

  3. विशेषज्ञ साल के अंत तक और गिरावट की संभावना जता रहे।

जागरण संवाददाता, चंदौसी। नवंबर की शुरुआत में सोने के दाम डेढ़ लाख के आसपास थे जो शनिवार तक घटकर करीब 1.26 लाख प्रति 10 ग्राम तक आ गए। सोने के दामों में गिरावट के चलते लोगों के मन में शंका है कि इसका दाम अभी और नीचे जाएगा या फिर इसमें उछाल आएगा।

ऐसे में सोने में निवेश करने वालों ने अपने हाथ रोक लिए हैं तो कुछ खरीदारी करने में लगे हैं। शादियों का सीजन चल रहा है तो जरूरतमंद लोग खरीदारी कर रहे हैं।

पांच साल पहले सोने के दामों की बात करें तो अब तक करीब तीन गुना तक बढ़ोतरी हुई है। करीब 48 हजार रुपये से दाम 1.5 लाख तक पहुंच गए थे। नवंबर में तेजी से इसके दामों में गिरावट आई है। शनिवार को सोने का भाव 1.26 लाख रुपये तक आ गया।

कारोबारियों का मानना है कि दामों में उतार चढ़ाव के चलते ग्राहक खरादारी से बच रहे हैं। सहालगों के चलते जरूरतमंद ही खरीदारी कर रहे है। कारोबारियों का अलग-अलग मानना है। कुछ इस समय बाजार मंदा तो कुछ सामान्य बता रहे हैं।

क्या आने वाले दिनों में और गिरेंगे दाम

विशेषज्ञों की मानें तो इस साल के अंत तक सोने की कीमतों में और गिरावट आ सकती है, हालांकि यह बाजार की चाल और वैश्विक संकेतों पर निर्भर करेगा। कुछ कारोबारियों का भी मानना है कि सोना साल के अंत तक 1.10 लाख रुपये के भाव तक आ सकता है।

चांदी के दामों में भी गिरावट से सहमा बाजार

सोने की तरह चांदी भी उन निवेशकों को डरा रही है, जिन्होंने ऊंचे दामों पर इसे खरीदा है। शनिवार को चांदी का भाव 1.55 लाख रुपये प्रति किलो रहा, जबकि यह 3.80 लाख रुपये का आंकड़ा छू चुकी है। डालर के मजबूत होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते बीते शुक्रवार को इसके दामों में काफी कमी देखी गई। आने वाले दिनों में इसमें और गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है।

बाजार अभी कुछ दिन में ही इतना गिरा है। हालांकि शादियों के सीजन में सोने की डिमांड बढ़ी है। लोग दाम कम होने का फायदा भी उठा रहे हैं। आने वाले दिनों में रेट में और गिरावट की आशंका है। -दीपक अग्रवाल।

 

सोने के दामों में उतार-चढ़ाव के चलते खरीदार डर रहे हैं। निवेशकों में भी डर बना हुआ है तो शादी वाले घरों में मजबूरी के कारण खरीदारी की जा रही है। बाजार जब तक स्थिर नहीं होगा तब तक खरीदार आशंकित रहेंगे। -हर्ष गोयल।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।