पीएम किसान सम्मान निधि, MSP समेत सभी कृषि लाभकारी योजनाओं से हो सकते हैं वंचित! 15 अप्रैल तक करा लें ये जरूरी काम
किसानों को 15 अप्रैल 2026 तक फार्मर रजिस्ट्री पूरी करनी होगी, अन्यथा वे पीएम किसान सम्मान निधि, एमएसपी पर खरीद और अन्य कृषि योजनाओं से वंचित हो जाएंगे।

HighLights
15 अप्रैल 2026 तक फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य।
रजिस्ट्री न होने पर पीएम किसान, एमएसपी लाभ नहीं।
संभल में विशेष कैंप लगाकर प्रक्रिया सरल की गई।
संवाद सहयोगी, बहजोई। शासन की ओर से जारी हुई गाइडलाइन के बाद जनपद के किसानों के लिए यह अंतिम चेतावनी है कि 15 अप्रैल 2026 तक हर हाल में अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करा लें, अन्यथा पीएम किसान सम्मान निधि, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद और अन्य सभी कृषि लाभकारी योजनाओं से वंचित होना पड़ेगा। प्रशासन द्वारा गांव-गांव विशेष कैंप लगाकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, लेकिन अब भी बड़ी संख्या में किसान रजिस्ट्री से बाहर हैं, जिन्हें तत्काल जागरूक होने की जरूरत है।
दरअसल, जनपद में छह अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत कृषि, ग्राम्य विकास और पंचायत विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर कैंप के माध्यम से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करा रही हैं।
उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार अब केवल उन्हीं किसानों को योजनाओं का लाभ मिलेगा जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूरी होगी। पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त, गेहूं, धान, दलहन और सरसों की एमएसपी पर खरीद, उर्वरक, बीज और कीटनाशी का वितरण, केसीसी बनवाने की सुविधा और फसल नुकसान पर क्षतिपूर्ति सभी रजिस्ट्री से ही जुड़ी रहेंगी।
निजी संस्थाएं, साधन सहकारी समितियां, इफको और कृभको भी बिना रजिस्ट्री किसानों को कृषि इनपुट उपलब्ध नहीं कराएंगी। जनपद में पीएम किसान के 3,39,608 लाभार्थी हैं, जिनमें से 2,19,531 का सत्यापन हो चुका है, जबकि 2,50,054 किसानों की फार्मर आइडी बनाई जा चुकी है और 2,054 आइडी लंबित हैं, जिससे 88.59 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। कृषि विभाग की किसानों से अपील की है कि वे लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत अधिकारी या नजदीकी जनसेवा केंद्र पर पहुंचकर तुरंत रजिस्ट्री कराएं, अन्यथा भविष्य में किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा।
शासन की गाइडलाइन के अनुसार सभी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। 15 अप्रैल तक रजिस्ट्री नहीं कराने पर पीएम किसान, एमएसपी खरीद व अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। सभी किसान तत्काल रजिस्ट्री कराएं, ताकि किसी भी लाभ से वंचित न रहें।- गोरखनाथ भट्ट, सीडीओ, संभल।
