बहजोई मर्डर केस: अंतिम संस्कार से पहले सड़क पर जाम, 20 लाख मुआवजे और आवास की मांग
बहजोई में पिकअप लूट के लिए हुई पिता-पुत्र की हत्या के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शवों को सड़क पर ...और पढ़ें
-1775640791731_m.webp)
सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते ग्रामीण
HighLights
प्रशासन के आश्वासन के बाद हटाया जाम, दोपहर बाद किया गया अंतिम संस्कार
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। पिकअप वाहन लूट के लिए की गई पिता-पुत्र की हत्या के बाद बुधवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब गांव भिरावटी के मजरा मलुवा में अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे नरेश कुमार और उनके पुत्र भीमसेन के शवों को ग्रामीणों और स्वजन ने अचानक राजकीय इंटर कालेज के सामने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हालांकि यह मार्ग लिंक रोड होने के कारण यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, लेकिन घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर एडीएम प्रदीप वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित कई थानों की पुलिस पहुंच गई।
-1775640931191.jpeg)
स्वजन और ग्रामीणों ने मांग रखी कि दोनों मृतकों के लिए 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्वजन को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शासन स्तर तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
इसके बाद करीब 12 बजे से लेकर लगभग एक बजे तक चले प्रदर्शन के बाद स्वजन और ग्रामीण शांत हुए और शवों को शमशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पहले मंगलवार शाम शामली जिले में करनाल मेरठ हाईवे पर काबड़ौत पुल के पास गन्ने के खेत से दोनों के शव बरामद किए गए थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई और हाथ बंधे होने की बात सामने आई। जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरोपितों ने पिकअप वाहन लूटने के उद्देश्य से दोनों का अपहरण कर हत्या की। इस मामले में पुलिस ने बदायूं के दातागंज क्षेत्र से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
इसी की निशानदेही पर शव बरामद हुए, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं। विदित रहे कि दो अप्रैल को नरेश कुमार अपने पुत्र के साथ भैंस बेचने के लिए गए थे, जहां अज्ञात लोगों ने मेरठ से संभल लेबर लाने के बहाने उनका वाहन सात हजार रुपये में बुक किया था और गढ़ टोल प्लाजा के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया था।
चार अप्रैल को अपहरण का मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की चार टीमों ने सर्विलांस के आधार पर जांच शुरू की थी। अपर पुलिस अधीक्षक इस पूरी घटना को लेकर तीन बजे पर्दाफाश करेंगे वहीं सपा विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
