यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sambhal: गंगा में डूबे किशोर का 72 घंटे बाद मिला शव, एक अब भी लापता
Sambhal गंगा में स्नान करते समय सोमवार को तीन किशोर डूब गए थे। एक को गोताखोरों ने बचा लिया था जबकि अन्य दो गहरे पानी में डूब गए थे। चार दिन रेस्क्यू आपरेशन किया जा रहा है। आज एक किशोर को शव घटनास्थल के पांच किलोमीटर दूर मिला है।

संभल, जागरण संवाददाता: संभल जनपद के रजपुरा थाना क्षेत्र के हरिबाबा गंगा घाट पर स्नान करते समय सोमवार की दोपहर अमरोहा जनपद के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव ढेकला निवासी तीन किशोर राजू पुत्र फत्तु, जितेंद्र पुत्र ऋषिपाल और सचिन पुत्र रामनिवास गंगा में डूब गए थे। सचिन को स्थानीय गोताखोरों ने बचा लिया था। लेकिन वह दोनों गहरे पानी में डूब गए थे।
सोमवार से लगातार गुरुवार तक चार दिन से गंगा में स्थानीय गोताखोर और 41 बटालियन पीएसी की टीम के द्वारा गंगा में रेस्क्यू आपरेशन किया जा रहा है। गुरुवार की दोपहर गंगा में डूबे राजू का शव घटना स्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर टी प्वाइन्ट चौकी के समीप बीच गंगा में एक टापू के किनारे मिला है। जिससे राजू के परिजनों में शव देख कर चीख पुकार मचने लगी और साथी जितेंद्र का कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार को 41 बटालियन पीएसी के जवानों के साथ क्षेत्रीय पुलिस ने घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर अनूपशहर की तरफ को गंगा में सर्च आपरेशन चलायागया।राजू का शव मिल गया है। लेकिन गंगा में डूबे साथी किशोर जितेंदर का कहीं कोई पता नहीं चल पाया।
गंगा में डूबे किशोरों के परिजन भी गंगा किनारे जितेंदर के मिलने की आस में गंगा किनारे बैठे हुए। अभी जितेंदर के मिलने तक सर्च अभियान जारी रहेगा। चौकी प्रभारी शादाब अहमद ने बताया कि राजू का शव मिल गया है। पंचनामा भरकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।