'एक हाथ से ताली नहीं बजती', मायावती से गठबंधन पर बोले चंद्रशेखर आजाद
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने संभल में मायावती के साथ गठबंधन पर अपनी इच्छा व्यक्त की, लेकिन ...और पढ़ें

HighLights
चंद्रशेखर आजाद ने मायावती संग गठबंधन की इच्छा जताई।
कहा, गठबंधन के लिए दोनों ओर से पहल आवश्यक है।
आजाद समाज पार्टी जनता के बीच ताकत बढ़ाएगी।
जागरण संवाददाता, संभल। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को संभल में बसपा सुप्रीमो मायावती को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि मायावती और उनकी पार्टी के साथ मिलकर काम किया जाए। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसके लिए दोनों ओर से पहल जरूरी है।
जिलाध्यक्ष शहजाद खां के आवास पर प्रेसवार्ता में सांसद ने कहा कि समाज के पढ़े-लिखे बुद्धिजीवी, डाक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता और पीड़ित वर्ग के लोग चाहते हैं कि बहन मायावती और वह साथ मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से कई प्रयास किए गए, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। एक हाथ से ताली नहीं बजती।
उन्होंने मायावती की ओर से आजाद समाज पार्टी को भाजपा की बी-टीम बताए जाने के सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी। चंद्रशेखर ने कहा कि वह मायावती का सम्मान करते हैं और उनके साथ काम करने की इच्छा पहले भी जाहिर कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी किसी के दरवाजे पर गठबंधन मांगने नहीं जा रही है।
वह जनता के बीच जाकर अपनी ताकत बढ़ाएंगे और जनता का आशीर्वाद जिसके साथ होगा, उसे किसी के दरवाजे पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चंद्रशेखर ने बताया कि आजाद समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश में करीब 87 विधानसभा प्रभारियों की घोषणा की है और बूथ स्तर पर सम्मेलन किए जा रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में संगठन और प्रत्याशियों को लेकर और घोषणाएं की जाएंगी।
