इश्क, कत्ल और ग्राइंडर... मेरठ जैसा एक और खौफनाक हत्याकांड, अब 22 अक्टूबर से अदालत में हिसाब, बच्चों की गवाही होगी अहम
चंदौसी के चर्चित राहुल हत्याकांड में 22 अक्टूबर से सुनवाई शुरू होगी। प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर पत्नी रूबी ...और पढ़ें

आरोपित रूबी और उसका प्रेमी गौरव। जागरण आकाईव
HighLights
मुकदमे में 38 गवाह, दोनों आरोपित जेल में बंद में
शिवाकर शर्मा, चंदौसी (संभल)। मेरठ के नीले ड्रम वाले हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद अब चंदौसी के चर्चित राहुल हत्याकांड में न्यायिक कार्रवाई आगे बढ़ने जा रही है। जनपद न्यायाधीश की न्यायालय में चल रहे मुकदमे में 22 अक्टूबर से सुनवाई शुरू होगी। नियत तिथि पर मुकदमे के वादी एसआई ओम शर्मा की गवाही दर्ज की जाएगी।
प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर पत्नी रूबी ने अपने प्रेमी गौरव के साथ मिलकर पति राहुल की हत्या कर दी थी। आरोपितों ने हत्या के बाद ग्राइंडर से शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे।
अब अदालत में गवाही और साक्ष्यों के जरिए इस जघन्य हत्याकांड की कड़ियां सामने आएंगी। मृतक के स्वजन के साथ स्थानीय लोगों की भी इस मुकदमे पर निगाहें टिकी हैं।
चंदौसी के चुन्नी मुहल्ला निवासी राहुल की 18 नवंबर 2025 को हत्या कर दी गई थी। राहुल ने पत्नी रूबी और उसके प्रेमी गौरव को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
इस पर राहुल ने दोनों के साथ मारपीट की और मुहल्ले में बदनाम करने के साथ नग्नावस्था में घुमाने की धमकी दी थी। इसी के बाद रूबी और गौरव ने राहुल पर हमला कर दिया। आरोप है कि हथौड़े और राॅड से वार कर राहुल की हत्या की गई।
इसके बाद शव को ग्राइंडर से काटकर टुकड़े-टुकड़े कर दिया गया। आरोपितों ने गर्दन, हाथ और पैर अलग कर दिए और साक्ष्य मिटाने के लिए शव के अंगों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
हत्या के बाद राहुल के धड़ को पतरौआ गांव के नाले में फेंक दिया गया, जबकि सिर और हाथ-पैर समेत अन्य अंग राजघाट गंगा में बहा दिए गए। 15 दिसंबर को नगर से सटे पतरौआ गांव के नाले में राहुल का क्षत-विक्षत और सड़ी-गली हालत में शव बरामद हुआ था।
पुलिस ने धड़ बरामद कर लिया, लेकिन गंगा में बहाए गए सिर और हाथ-पैर नहीं मिल सके। वारदात को अंजाम देने के बाद रूबी ने थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी भी दर्ज करा दी थी।
जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने बताया कि मुकदमे में वादी एसआई ओम शर्मा समेत कुल 38 गवाह हैं। इनमें मृतक राहुल के बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र में गवाहों के बयान, साक्ष्य, फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विशेषज्ञों की राय और आरोपितों के मोबाइल फोन की सीडीआर समेत कई अहम तथ्य शामिल किए हैं। हालांकि राहुल हत्याकांड के दोनों आरोपित रूबी और गौरव फिलहाल जेल में बंद हैं।
