चंदौसी में 8 साल के मासूम से दरिंदगी: पड़ोसी ने 20 रुपये का लालच देकर किया कुकर्म, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
चंदौसी में एक आठ वर्षीय बालक के साथ पड़ोसी युवक ने कुकर्म किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
संवाद सहयोगी, चंदौसी (संभल)। कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले में आठ वर्षीय बालक के साथ कुकर्म की घटना सामने आई है। मुहल्ले के ही एक युवक पर आरोप है कि उसने बहला-फुसलाकर बालक को अपने घर बुलाया और इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया है और पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
चंदौसी के एक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ने वाले बालक के पड़ोस में एक युवक परिवार के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि जब युवक के परिवार वाले एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
तब उसने बालक को बहला-फुसलाकर अपने घर बुला लिया और उसके साथ कुकर्म किया। आरोपित ने बालक को डराया-धमकाया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी, साथ ही उसे चुप रहने के लिए 20 रुपये भी दिए।
घटना के कुछ देर बाद जब बालक अपने घर पहुंचा, तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्वजन ने जब उससे पूछताछ की, तो उसने अपने साथ हुई पूरी आपबीती उन्हें बता दी। यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए।
स्वजन तुरंत बालक को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया।
हालांकि, इसके बाद कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात भी चलती रही। सीओ विवेक जावला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित को जेल भेजा रहा है।
