विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौसी में हादसा: नए बाइपास पर अर्टिगा ने बाइक को मारी टक्कर, दावत से लौट रहे 3 युवकों की दर्दनाक मौत

Published: Sat, 24 Oct 2026 01:18 PM (GMT+05:30)

चंदौसी के नए बाइपास पर शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

संवाद सहयोगी, चंदौसी (संभल)। नए बाइपास पर शुक्रवार रात शिवा ढाबे के सामने तेज रफ्तार अर्टिगा कार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की चंदौसी सीएचसी में मौत हो गई।

तीसरे घायल को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन हापुड़ ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे खंदक में जा घुसी। कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बनियाठेर थाना के गांव अफजलपुर डरौली निवासी धर्मेंद्र कुमार राजमिस्त्री था। गुरुवार रात उसके घर में जागरण और शुक्रवार को दावत का कार्यक्रम था।

इसमें शामिल होने के लिए बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र के गांव मेवली निवासी सोनू और रामपुर जिले के शाहबाद थाना के गांव गुजरैला निवासी रिश्तेदार सुमित भी आए थे। तीनों किसी काम से चंदौसी आए थे।

रात में बाइक से लौटते समय नए बाइपास पर शिवा ढाबे के सामने तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार खंदक में जा घुसी। चालक कार छोड़कर फरार हो गया।

सूचना पर बनियाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चंदौसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि सोनू की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।

हापुड़ ले जाते समय सोनू ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे के बाद काफी देर तक तलाश करने पर पुलिस को सुमित हाईवे किनारे झाड़ियों में मृत अवस्था में मिला।

हादसे में तीन युवकों की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। एसओ बोबिंद्र कुमार ने बताया कि अर्टिगा कार और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत हुई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- संभल: पौराणिक अकर्ममोचन कूप पर 50 साल पुराना अतिक्रमण ध्वस्त, मस्जिद की 3 दुकानों पर चला हथौड़ा