विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल: पौराणिक अकर्ममोचन कूप पर 50 साल पुराना अतिक्रमण ध्वस्त, मस्जिद की 3 दुकानों पर चला हथौड़ा

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:59 PM (IST)

संभल में पौराणिक अकर्ममोचन कूप पर 50 साल पुराने अतिक्रमण को हटाया गया, जिसमें मस्जिद की तीन दुकानों की पिछली ...और पढ़ें

संभल में अकर्ममोचन कूप का निरीक्षण करते अधिकारी।

संभल में अकर्ममोचन कूप का निरीक्षण करते अधिकारी।

HighLights

  1. कोतवाली के सामने मस्जिद के पास स्थित पौराणिक कूप की पालिका और राजस्व टीम ने की पैमाइश

  2. ईओ बोले, 1976 से था अवैध कब्जा, वंदन योजना के तहत होगा जीर्णोद्धार कार्य

संवाद सहयोगी, संभल। संभल में प्राचीन तीर्थों और कूपों को तलाशने के साथ ही उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने की कवायद लगातार चल रही है। इसी क्रम में गुरुवार को कोतवाली के सामने मुहल्ला ठेर स्थित पौराणिक अकर्ममोचन कूप की पैमाइश कराई गई। कूप के किनारे मस्जिद की तीन दुकानों की पिछली दीवारें बनी मिलीं, जिन्हें नगर पालिका के कर्मचारियों ने हथौड़ा से तोड़ दिया।

ईओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि यहां पर 1976 से अवैध कब्जा था। यानी, अब 50 साल बाद इस कूप की साफ-सफाई कराने के बाद वंदन योजना के तहत उसका जीर्णोद्धार कराया जाएगा।

गुरुवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश, विनियमित क्षेत्र के जेई सचिन कुमार और लेखपाल की टीम कोतवाली के सामने स्थित मस्जिद के पास अकर्ममोचन कूप पर पहुंची।

टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही कूप की पैमाइश कराई। इस दौरान कूप के किनारे अतिक्रमण मिलने पर उसे हटाने की कार्रवाई की गई।

पैमाइश के दौरान मुहल्ला कोटगर्वी निवासी लईक उर्रहमान, फत्तेहउल्लाह सराय निवासी मोहसिन और दीपा सराय निवासी दाऊद की दुकानों की पिछली दीवार कूप के किनारे तक बनी मिली। इसमें घड़ी और रेडिमेट कपड़े का काम होता है।

पता चला कि ये दुकानें मस्जिद कमेटी की हैं, जिन्हें 1976 से तीनों लोगों ने किराये पर ले रखा है। कूप की जगह खाली कराने के लिए मौके पर पालिका कर्मी बुलाए गए और फिर हथौड़ा से तीनों दुकानों की पिछली दीवारों को तोड़ा गया।

टीम ने संबंधित दुकानदारों को कूप की निर्धारित जगह छोड़कर ही दीवार का निर्माण कराने की चेतावनी दी। कार्रवाई के दौरान कूप के आसपास की जगह को अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर दिया गया, जिससे प्राचीन धरोहर को संरक्षित किया जा सके।

ईओ का कहना है कि अकर्ममोचन कूप से अतिक्रमण हटवाकर इसकी साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से इसे लोहे के जाल से ढकवाया जाएगा। बताते हैं कि शंभल दर्शन नामक पौराणिक पुस्तक में अकर्ममोचन कूप की मान्यता है कि इसके जल से स्नान आदि करने से मनुष्य सभी कर्मबंधनों से मुक्त हो जाता है।

यह भी पढ़ें- संभल के 791 शिक्षकों पर लटकी तलवार? TET अनिवार्यता से मचा हड़कंप, संघ बोला- 'अनिवार्यता से मिले मुक्ति'