किराए के मकान में चुनरी के फंदे से लटका मिला 10 साल के मासूम का शव, बिना पुलिस कार्रवाई किया अंतिम संस्कार
संभल के बनियाठेर क्षेत्र में एक किराए के मकान में 10 वर्षीय किशोर का शव फंदे से लटका मिला। स्वजनों ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
बनियाठेर क्षेत्र के गुमथल रोड की घटना, स्वजन ने बिना पुलिस कार्रवाई के किया अंतिम संस्कार
संवाद सूत्र, बनियाठेर (संभल)। गुमथल रोड स्थित फायर स्टेशन के पास अशोक नगर में बुधवार को 10 वर्षीय किशोर का शव किराए के मकान में कमरे के गेट पर पर चुनरी से बने फंदे से लटका मिला। स्वजन ने बिना पुलिस कार्रवाई के पैतृक गांव में ले जाकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बनियाठेर के सादिक कलिजपुर निवासी दीपक कुमार अपनी पत्नी ज्योति और पांच बच्चों के साथ अशोक नगर में रुस्तमपुर बरौली निवासी अनीता के किराए के मकान में रहते हैं। उनके चार बेटों और एक बेटी में अमित सबसे बड़ा था।
बुधवार सुबह दीपक की पत्नी ज्योति रोजाना की तरह बच्चों को घर पर छोड़कर पास की ही कुबेर फैक्ट्री में मजदूरी करने गई थीं। तभी फैक्ट्री में मुहल्ले के किसी व्यक्ति का फोन आया।
फोन पर सूचना दी गई कि ज्योति के बेटे अमित ने घर के अंदर चुनरी के फंदे पर लटककर जान दे दी है। ये खबर सुनते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत घर के लिए दौड़ीं।
जब मां घर पहुंचीं, तो वहां मुहल्ले के लोगों की भारी भीड़ जमा थी। पिता दीपक कुमार ने अमित को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत उसे लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया।
बेटे की अचानक हुई इस मौत से माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन शव को वाहन में रखकर अपने पैतृक गांव सादिक कलिजपुर ले गए।
फिलहाल बालक ने यह खौफनाक कदम किन कारणों के चलते उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। वहीं एसओ बोबिंद्र कुमार ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें- संभल में सियासी संग्राम: सपा विधायक और मुशीर चौधरी में जुबानी जंग, 2027 के चुनाव से पहले तेज हुआ विवाद
