आग को अनदेखा कर भगाता रहा ट्रैक्टर, बाइक से टक्कर में महिला की मौत
जुनावई (सम्भल) बदायूं-मेरठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को ट्रैक्टर ट्राली में रखे पुआल में
जुनावई (सम्भल) : बदायूं-मेरठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को ट्रैक्टर ट्राली में रखे पुआल में आग लग गई। चालक और उसका साथी इसे अनदेखा करके टै्रक्टर को तेज गति से भगाते रहे। तभी सामने से आई बाइक से टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पति घायल हो गया।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के चिरवारी गांव निवासी सत्यप्रकाश अपनी पत्नी तेजवती (38) के साथ बाइक से बबराला जा रहे थे। जैसे ही बाइक जुनावई मुख्यालय के पास पहुंची तो जुनावई पतरिया लिक मार्ग से ट्रैक्टर में धान का पुआल रख आ रहे चालक ने तेज गति से कट मारने की कोशिश में बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी पत्नी ट्राली के पहिये के नीचे आ गई और मौत हो गई। आनन फानन में जुनावई चौकी इंचार्ज राजेश कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल पहुंचाया। ट्रैक्टर की ट्राली में रखे पुआल में आग धधक रही थी। ट्रैक्टर चालक के अलावा एक व्यक्ति साथ में बैठा था। उन्हें इस आग के बारे में पहले से जानकरी भी थी। उन्होंने ट्राली को खाली करना उचित नहीं समझा, क्योंकि उन्हें जुनावई के समीप खेरिया गांव में जाना था। इसीलिये उन्होंने ब्लाक मुख्यालय के सामने आने के बाद ट्रैक्टर को तेज गति से निकाल दिया। उधर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। जिसने आग बुझाई। कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है।