एशियन चैंपियनशिप में चंदा देवी का जलवा: 75 की उम्र में जीता सिल्वर मेडल, 1500 खिलाड़ियों के बीच हासिल की उपलब्धि
चंदौसी की 75 वर्षीय चंदा देवी ने बेंगलुरु में आयोजित एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है।

चंदा देवी ने जीता एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक।
HighLights
चंदा देवी (75) ने एशियन मास्टर्स स्विमिंग में रजत जीता।
बेंगलुरु में हुई प्रतियोगिता में 9 देशों के खिलाड़ी शामिल थे।
उनकी उपलब्धि उम्र को चुनौती देती, युवाओं को प्रेरित करती है।
संवाद सहयोगी, बहजोई। उम्र महज एक संख्या है और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है। इस बात को चंदौसी की 75 वर्षीय चंदा देवी ने साबित कर दिखाया है। बेंगलुरु में चार से 10 अक्टूबर तक आयोजित एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर उन्होंने जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चंदा देवी ने प्रतियोगिता के 75 से 80 वर्ष आयु वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में नौ देशों के करीब 1500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने अपने अनुभव, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के दम पर यह सफलता हासिल की। चंदा देवी पिछले करीब 20 वर्षों से तैराकी कर रही हैं।
लंबे समय से इस खेल के प्रति उनका समर्पण और नियमित अभ्यास उनकी सफलता का आधार बना है। इससे पहले भी वह राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
75 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर चंदा देवी ने यह संदेश दिया है कि उम्र किसी लक्ष्य को हासिल करने में बाधा नहीं होती। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के साथ ही उन लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो उम्र बढ़ने के साथ अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं।
