बच्चे गुहार लगाते रहे पर पत्नी ने पति का गला घोटकर मार डाला Saharanpur News
सहारनपुर में एक पत्नी ने प्रेम प्रसंग में पड़कर अपने पति का गला घोटकर मार डाला। पुलिस ने उसके प्रेमी और युवती को पकड़ लिया है। पुलिस पुछताछ कर रही है।
सहारनपुर, जेएनएन। थाना चिलकाना क्षेत्र के धोलाहेड़ी गांव में प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर गुरुवार रात महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की गला घोटकर हत्या कर दी। वारदात के समय बच्चे मां से पिता को बचाने की गुहार लगा रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर महिला व उसके दूसरे संप्रदाय के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक धोलाहेड़ी गांव निवासी मांगेराम की पत्नी मुनेश का दूसरे संप्रदाय के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर आए दिन पति-पत्नी में विवाद होता था। इसी के चलते लगभग दस माह तक मुनेश पति व बच्चों को छोड़कर कोतवाली बेहट क्षेत्र के मरवा गांव में मायके में रहने लगी थी। करीब दो माह पहले ग्राम प्रधान व गांव के अन्य जिम्मेदार लोग उसे समझाकर वापस ले आए थे। मृतक मांगेराम के पिता बचन सिंह ने बताया की ससुराल आने के बाद फिर से दोनों में झगड़ा होने लगा। गुरुवार रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद मुनेश ने अपने प्रेमी वसीम को बुलाकर मांगेराम की गला दबाकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने पिता बचन सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर चंद्रपाल शर्मा ने मौके पर जाकर पूछताछ की।
बच्चों के विलाप से भी नहीं पसीजा मां का दिल
पिता बचन सिंह ने बताया कि जिस वक्त मुनेश प्रेमी के साथ पति मांगेराम का गला दबा रही थी तो पास ही सोए उसके सात वर्षीय बेटे अभिलक्ष और नौ वर्षीय आशीष ने पिता को बचाने के लिए मां से गुहार लगाई लेकिन मां ने बच्चों को यह कहकर डांट कर सुला दिया कि पिता शराब पीकर चिल्ला रहे हैं।
रातभर आरोपित पत्नी बच्चों को लेकर पति के शव के पास सोती रही। शुक्रवार सुबह बच्चों को चाय पिलाने के बाद गांव के ही एक चिकित्सक को बुलाने के लिए भेज दिया था। घर पहुंचे चिकित्सक ने मांगेराम को मृत घोषित कर परिजनों को सूचना दी। यह बात दोनों बच्चों ने पुलिस व स्वजनों को बताई थी।
दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बचन सिंह ने बताया कि दो साल पहले पठेड़ स्थित एक इंटर कॉलेज में मुनेश चपरासी के तौर पर काम करती थी। स्कूल के पास ही वसीम पुत्र अब्बास निवासी कातला गांव की फर्नीचर की दुकान है। इस दौरान मुनेश के वसीम से संबंध बन गए। पता चलने पर पति-पत्नी में विवाद रहने लगा। इसके बाद मांगेराम ने मुनेश की स्कूली से नौकरी भी छुड़वा दी। थानाध्यक्ष अमित शर्मा ने बताया कि महिला और उसक प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।