सोशल मीडिया पर फायरिग का वीडियो वायरल
देवबंद के भाजपा नेता के बाद अब शहर में पुलिस लाइन के सामने वाली कालोनी में रहने वाले युवक का वीडियो सामने आया है। युवक कभी रायफल से तो कभी रिवाल्वर से फायर कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला थाने तक पहुंचा तो जांच पड़ताल शुरू हो गई।
सहारनपुर, जेएनएन। देवबंद के भाजपा नेता के बाद अब शहर में पुलिस लाइन के सामने वाली कालोनी में रहने वाले युवक का वीडियो सामने आया है। युवक कभी रायफल से तो कभी रिवाल्वर से फायर कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला थाने तक पहुंचा तो जांच पड़ताल शुरू हो गई।
सोशल मीडिया पर मंजीत सिंह नाम की फेसबुक पर आइडी पर अपलोड यह वीडियो सामने आया जो धीरे-धीरे हर व्हाट्सएप ग्रुप पर पहुंच गया। सीओ डीपी तिवारी ने बताया कि वीडियो की जांच शुरू हुई तो वीडियो में नजर आ रहा युवक ही मंजीत सिंह है। यह मूलरूप से गांव सढोली हरिया का रहने वाला है। पूछने पर मंजीत ने बताया कि यह वीडियो डेढ़ साल पुराना है। उस दिन उसने रिवाल्वर लिया था तो फायर कर चेक कर रहा था। हालांकि मंजीत रायफल से भी फायर कर रहा है। सीओ ने बताया कि रायफल का लाइसेंस उसके पिता के नाम बताया जा रहा है। जांच की जा रही है, यदि जरूरत पड़ी तो शस्त्र निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
दुष्कर्म का आरोपित बुजुर्ग गिरफ्तार
एक महीने पहले कोतवाली मंडी में महिला ने अपने ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना मंडी क्षेत्र की कालोनी की रहने वाली महिला ने एक महीना पहले अपने ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। कुछ ऐसे वीडियो भी पुलिस को दिए थे, जो आरोपित को कटघरे में खड़ा कर रहे थे। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि, महिला का पति गोवा में नौकरी करता है। इसी का फायदा उठा कर ससुर ने महिला से दुष्कर्म किया था। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।