यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गोवंश की हत्या करने पर 51 हजार व घायल करने पर 21 हजार का लेंगे जुर्माना
नानौता क्षेत्र के गांव सोना अर्जुनपुर में युवा समिति की बैठक में गोवंश सुरक्षा

जेएनएन, सहारनपुर। नानौता क्षेत्र के गांव सोना अर्जुनपुर में युवा समिति की बैठक में गोवंश सुरक्षार्थ निर्णय लिया गया कि गोवंश हत्या करने पर 51 हजार रुपए व चोट मारकर घायल कर देने पर 21 हजार रुपए आरोपितों से जुर्माना के रूप में लिया जाएगा। जुर्माने की राशि को किसी भी गोशाला में जमा करा दिया जाएगा।
तीन दिन पूर्व किसी व्यक्ति ने गांव सोनाअर्जुनपुर के गांव में घूम रहे बेसहारा गोवंश को मार कर गांव के बाहर खेत में फेंक दिया था। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। घटना के बाद मंगलवार रात गांव में विशाल कुमार के घर में उन्हीं की अध्यक्षता व उदय राणा के संचालन में युवाओं द्वारा एक बैठक की गई, जिसमें निर्णय लिया गया कि गोवंश की सुरक्ष के तहत गोवंश हत्या करने पर 51 हजार रुपये और चोट मारकर घायल करने पर 21 हजार रुपये व पालतू गोवंश को बेसहारा छोड़ देने पर 51 सौ रुपये आरोपितों से जुर्माना के रूप में लिया जाएगा। बैठक में उन ग्रामीणों से अपील की गई है कि जिन्होंने अपने पालतू गोवंश को गांव में खोलकर बेसहारा छोड़ दिया है, वह स्वयं उन्हें पकड़कर घरों में बांध लें अन्यथा जुर्माने के लिए तैयार रहें। विशाल कुमार ने बताया कि जुर्माने की धनराशि को किसी भी गोशाला के कोष में जमा कराया जाएगा। बैठक में महिपाल सैनी, अनुज, विक्की कोरी, रितिक रोहिला, संदीप सैनी, डा. कमल सिंह, डा. नेत्रपाल, गौरव राणा, शैंकी प्रजापति, सूर्या राणा पुनीत राय आदि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग
सहारनपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की फंदपुरी में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेता चौधरी अतुल फंदपुरी ने कहा कि किसान खुशहाल होगा तो देश उन्नति के शिखर पर होगा और किसान तभी खुशहाल होगा जब उसे उसकी फसल का समय से वाजिब दाम मिलेगा। इसलिए किसानों को उनके गन्ने का भुगतान शीघ्र कराया जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए अतुल फंदपुरी ने कहा कि वर्तमान पेराई सत्र में जनपद की 6 शुगर मिलों ने गन्ने की पेराई की शुगर मिलों पर किसानों का 720 करोड रुपये गन्ना मूल्य भुगतान बकाया है। गन्ना भुगतान न होने के कारण किसान की हालत दिन प्रतिदिन विकट होती जा रही है। गन्ना मंत्री के 14 दिन में गन्ना भुगतान के आदेशों को चीनी मिल मालिक नहीं मान रहे हैं उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल ब्याज सहित गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग की। बैठक में आयुष्मान राठी, पुष्पेंद्र चौधरी, भजनलाल, अर्जुन सिंह, हिमांशु, रजत, प्रभात, अभिनव, आदित्य ओमपाल सिंह, शाहरुख, इसरान, साजियान खान, विवेक, विपिन चौधरी, सचिन राठी, आदि उपस्थित रहे।