रेनबो कार्निवल में मनोहारी प्रस्तुतियों की धूम
रेनबो स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्वछ भारत व पानी बचाओ का संदेश दिया गया। नृत्य व गायन की मनोहारी प्रस्तुतियों पर तालियों से पूरा प्रांगण गूंज उठा।
सहारनपुर, जेएनएन : रेनबो स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छ भारत व पानी बचाओ का संदेश दिया गया। नृत्य व गायन की मनोहारी प्रस्तुतियों पर तालियों से पूरा प्रांगण गूंज उठा। बाद में छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिए गए।
शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित स्कूल में रेनबो कार्निवल का शुभारंभ स्कूल की अध्यक्ष नर्गिस मलिक व प्रधानाचार्या किरन पेशीन मिश्री ने किया। मेले में लगे स्टालों पर बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। मनोरंजक खेलों में बच्चों ने बढ़चढ़ कर भागीदारी की। एक स्टाल पर प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित जानकारी दी गई थी। स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। पानी की बर्बादी रोकने के लिए नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से पानी बचाओ का संदेश दिया गया। छोटे बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरी। वहीं गायन की प्रस्तुतियां सभी के दिलों को छू गई। श्री गुरुनानक देव, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू के जीवन आदर्शों को जीवन में अपनाने की सीख दी गई। स्कूल की अध्यक्ष नर्गिस मलिक व प्रधानाचार्या किरन पेशीन मिश्री ने कार्निवल में शामिल विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों का आभार जताया।