शिव मंदिर सजे, कांवड़िए चले गंतव्य की और
गंगोह में महाशिव रात्रि को लेकर मंदिरों में सजावट कर दी गई है। शुक्रवार को जलाभिषेक होने के कारण गुरुवार को सैकड़ों कांवडि़ए नगर को होकर गंतव्य की ओर बढ़ गए।
सहारनपुर, जेएनएन। गंगोह में महाशिव रात्रि को लेकर मंदिरों में सजावट कर दी गई है। शुक्रवार को जलाभिषेक होने के कारण गुरुवार को सैकड़ों कांवडि़ए नगर को होकर गंतव्य की ओर बढ़ गए।
गुड़ छप्पर, बरसी, शिव चौक, महादेव कुटी, पुरुषार्थी धर्मशाला, बड़ा शिवालय आदि मंदिरों में सजावट का काम कर लिया गया है। गुरुवार को शिव मंदिर जगमगा उठे। बाजार में व्रत की सामग्री की बिक्री भी आरंभ हो गई। पर्व को लेकर बाजार में भी चहल-पहल रोजाना से कुछ ज्यादा रही। मंदिरों में विशेष पूजा-पाठ के आयोजनों की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है। पुरुषार्थी धर्मशाला शिव मंदिर में रात्रि जागरण में भगवान शिव का गुणगान भी होगा।
शिव रात्रि पर्व को देखते हुए कांवड़ लाने वालों का सिलसिला भी तेज होगा। कृष्णा स्कूल के बाहर, पंचायती धर्मशाला व अनाज मंडी परिसर में एक दिन के सेवा शिविर भी लगाए गए। इन शिविरों में सैकड़ों शिव भक्त रात्रि में विश्राम करने को ठहरे। सुबह हर-हर, बम-बम के उद्घोष के साथ कांवड़िए अपने गंतव्य की और रवाना हो गए। अधिकतर कांवड़िए हरियाणा की और रवाना हो गए है। यमुना पर पुल अंतिम चरणों में है लेकिन इस पर आवाजाही आरंभ होने के कारण ज्यादातर कांवडि़ए इसी मार्ग को गए हैं।