बेटियां न छुपाएं उत्पीड़न को: सरिता सिंह
नागल में शुक्रवार को कस्बे के जनता इंटर कालेज में माननीय मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी देवबंद रजनीश उपाध्याय ने कहा कि बदलते परिवेश के साथ-साथ बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा।
सहारनपुर, जेएनएन। नागल में शुक्रवार को कस्बे के जनता इंटर कालेज में माननीय मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी देवबंद रजनीश उपाध्याय ने कहा कि बदलते परिवेश के साथ-साथ बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा। उन्हें अपनी आत्मा का दीपक बनना होगा, जिससे उन्हें रोशनी मिलेगी। सरकार की सोच है कि बेटियों को बराबर का हक मिले और उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं हो तभी नए समाज का निर्माण हो सकेगा। इसके लिए बेटियों में भी बदलाव जरूरी है। लड़कियों को अपने साथ हो रहे उत्पीड़न को दबाना तथा छुपाना नहीं है। उन्हें अपनी चुप्पी तोड़नी होगी तथा अपनी बात अपने घर वालों को बतानी होगी। यदि फिर भी उनकी समस्या का समाधान ना हो तो हमारे द्वारा दिए गए हेल्प डेस्क नंबरों पर बताना है, उनकी सूचना पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि उनको आधुनिकता की दौड़ में कपड़ों से आधुनिक नहीं बनना है बल्कि दिमाग से आधुनिक बनना है।
महिला थाना प्रभारी सरिता सिंह ने कहा कि लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के अधिकतर मामले घरों से ही चलते हैं, जिसमें वह अपने रिश्तेदारों के खिलाफ बोलने से डरती हैं। उन्हें अपनी चुप्पी तोड़नी होगी, तभी उनकी समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि लड़कियों को चाहिए कि वह 18 वर्ष से पहले विवाह न करें। यदि कोई लड़का उनके मां-बाप से दहेज की मांग करता है ऐसे में वह उस रिश्ते के लिए मना कर दें। उन्होंने छात्राओं से कहा कि उन्हें अपने परिजनों को मोटर अधिनियम के प्रति जागरूक करना होगा तथा भ्रूण हत्या को रोकना होगा। कार्यक्रम का संचालन जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिव कुमार वर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से थाना प्रभारी के पी सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पपिन चौधरी, किसान सहकारी समिति के अध्यक्ष मान सिंह सैनी,व्यापार मंडल अध्यक्ष कपिल डाबर, बाल विकास अधिकारी अलका त्रिपाठी,पूनम वालिया,प्रीति धीमान,अनीता, प्रेमवती, मनोज शहल, मधुसूदन राजकुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।