प्रदर्शनी देख फूलों की भांति खिले दर्शकों के चेहरे
कंपनी बाग में शुक्रवार से शुरू हुई दो दिवसीय शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी को देखने वालों के मन भी फूलों की भांति खिल उठे। दर्शकों ने रंग बिरंगे पुष्पों का जमकर दीदार किया।
सहारनपुर, जेएनएन। कंपनी बाग में शुक्रवार से शुरू हुई दो दिवसीय शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी को देखने वालों के मन भी फूलों की भांति खिल उठे। दर्शकों ने रंग बिरंगे पुष्पों का जमकर दीदार किया।
राजकीय औद्यानिक प्रशिक्षण केंद्र कंपनी बाग में शुक्रवार से शुरू हुई शाकभाजी व पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रमुख सचिव उद्यान एवं जिले के नोडल अधिकारी बीएल मीणा ने फीता काटकर एवं दीप जलाकर किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के उपरांत उन्होंने शाक भाजी की दर्जनों शानदार प्रजातियों को खूब सराहा। फूलों में गुलाब एवं गेंदा की एक दर्जन से अधिक प्रजातियां, इसके अलावा मौसमी फूलों की दर्जनों रंगीन पुष्पों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही आलू, गाजर, गोभी, बैंगन, लौकी आदि की प्रदर्शनी लगाई गई। डीएम अखिलेश सिंह कहा कि यह प्रदर्शनी अनेकता में एकता का प्रदर्शन करती है। रंग जहां जीवन को विविध रंगों में रंगने का संदेश देते हैं वहीं यह कुदरत का अनुपम उपहार भी हैं। कहा कि प्रदर्शनी का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए। ताकि लोग अपने घर आंगन व मकान की छतों पर रखे गमलों में बैंगन, टमाटर आदि उगाकर घर के लिए सब्जी पैदा कर सकें। आयोजन समिति इसके लिए व्यापक योजना बनाए ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके। इस मौके पर उन्होंने पुष्प प्रदर्शनी पर लिखी गई स्मारिका का भी विमोचन किया। उद्यान कृषकों के हित में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न औद्यानिक विकास योजनाओं एवं नवीन विकसित तकनीकियों जैसे, पॉलीहाउस में बेमौसमी फूल, सब्जी की खेती, ड्रिप व स्प्रिंकलर से सिचाई आदि प्रदान की जा रही है। साथ ही रोजगार सृजन से संबंधित नवीन विभिन्न फूलों की प्रजातियों की जानकारी, शहद उत्पादन, मशरूम उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण के संबंध में भी जनसामान्य को जानकारी प्रदान की जा रही है। इस मौके पर सीडीओ प्रणय सिंह, एसएसपी दिनेश कुमार पी, एडीएमई एसबी सिंह, नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक उद्यान भानु प्रकाश राम, उप निदेशक उद्यान, जिला उद्यान अधिकारी,खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी, आदि उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में सैकड़ों ने लिया भाग
मंडलीय फल, शाक व पुष्प प्रदर्शनी में कुल 164 प्रदर्शनकर्ताओं ने भाग लिया और 1565 प्रदर्शो का प्रदर्शन किया। इनमें कट फ्लावर, गमले, फूलों से सजा शादी का मंडप, डायनिग टेबल की सजावट, केश सज्जा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में आईटीसी लिमिटेड, इंडियन हर्ब्स, स्टार पेपर मिल, पशु पालन, जिला उद्यान आदि विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया।