विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्राहकों को बड़ी राहत: नई चीनी की सप्लाई बढ़ने से गिरे दाम, सहारनपुर में 5 रुपये प्रति किलोग्राम तक की कमी

By Vishva Pratap Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 24 Nov 2026 06:46 PM (IST)

सहारनपुर में नई चीनी की आपूर्ति बढ़ने से फुटकर दामों में गिरावट आई है। पिछले 10 दिनों में चीनी के दाम कम हुए हैं। सहकारी मिलों से नई चीनी आने पर इनमें और कमी की उम्मीद है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. शेरमऊ और बिड़वी चीनी मिल के बाद देवबंद और गांगनौली का स्टाक बाजार में।

  2. नानौता और सरसावा मिलों से बिक्री शुरू होते ही और दाम घटने की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जनपद की छह चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू हो चुका है। ज्यादातर मिलों ने चीनी के नया स्टाक की बिक्री शुरू कर दी है। इससे चीनी के दामों में गिरावट आनी शुरू हो गई है।

10 दिन पहले तक 65 रुपये प्रति किलो बिक रही चीनी के फुटकर रेट अब 60 रुपये तक आ गए हैं। हालांकि सहकारी क्षेत्र की दोनों चीनी मिलों ने अभी नई चीनी की बिक्री शुरू नहीं की है। इनके नए स्टाक के बाजार में आते ही चीनी के दाम और नीचे आने की उम्मीद जताई जा रही है।

जनपद की आठ चीनी मिलें हैं। इनमें से पिछले पेराई सत्र में टोडरपुर चीनी मिल में संचालन नहीं हो पाया था। रकबा घटने से गन्ना उत्पादन में भी कमी आई थी। इन सबके कारण पिछले पेराई सत्र में चीनी उत्पादन पिछले पांच साल में सबसे कम रह गया था। मिलों में चीनी स्टाक कम रहने और जमाखोरी की सुगबुगाहट के बीच अगस्त माह में फुटकर में चीनी के रेट 45 रुपये प्रति किलो से उछलकर 70 रुपये प्रति किलो तक चढ़ गए थे।

प्रशासन की टीमों की छापेमारी के बाद सितंबर में रेट 50-52 रुपये प्रति किलो तक आ गए थे, लेकिन अक्टूबर में स्थानीय मिलों से बाजार में चीनी आपूर्ति नहीं मिलने की वजह से चीनी के दाम फिर से बढ़ गए थे। जनपद में छह चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है, जबकि इस बार गागलहेड़ी मिल का संचालन नहीं हो पाया है।

शेरमऊ और बिडवी चीनी मिलों ने दो सप्ताह पहले ही नई चीनी का स्टाक बाजार में बिक्री के लिए उतार दिया था, इसके बावजूद 14 नवंबर तक फुटकर दाम 65 रुपये किलो से नीचे नहीं आ रहे थे, क्याेंकि दोनों मिलों ने नई चीनी के एक्स मिल रेट 5800 से 5950 रुपये प्रति क्विंटल रखे थे। मोरगंज बाजार में थोक चीनी कारोबारी सचिन सिंघल ने बताया कि अब बाहर से ज्यादा चीनी मंगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

बिड़वी, शेरमऊ और देवबंद चीनी मिल के बाद सोमवार से गांगनौली मिल ने भी नई चीनी की बिक्री शुरू कर दी है। बाजार में सप्लाई बढ़ने के बाद चीनी के एक्स मिल रेट 5900 रुपये से घटकर 5450 से 5500 प्रति क्विंटल तक रह गए हैं। फिलहाल थोक बाजार में चीनी हाजिर 5800 रुपये प्रति क्विंटल है तथा फुटकर में 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है।

उन्होंने बताया कि सहकारी क्षेत्र की सरसावा और नानौता चीनी मिलों ने नई चीनी की बिक्री शुरू नहीं की है। इन दोनों मिलों की नई चीनी बाजार में आने पर दाम और गिरेंगे तथा एक्स मिल रेट 50 रुपये तक आने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।