उप गन्ना आयुक्त व डीसीओ ने की मिलों की जांच
गन्ना मंत्री सुरेश राणा के निर्देश पर शुक्रवार की रात अचानक चलाए गए अभियान में कड़ाके की ठंड में आधी रात को उप गन्ना आयुक्त के नेतृत्व में जिला गन्ना अधिकारियों ने चीनी मिलों में जाकर व्यवस्थाओं का हाल जाना।
सहारनपुर, जेएनएन। गन्ना मंत्री सुरेश राणा के निर्देश पर शुक्रवार की रात अचानक चलाए गए अभियान में कड़ाके की ठंड में आधी रात को उप गन्ना आयुक्त के नेतृत्व में जिला गन्ना अधिकारियों ने चीनी मिलों में जाकर व्यवस्थाओं का हाल जाना। अचानक चले इस अभियान से चीनी मिलों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान अधिकारियों ने ठंड से बचाव को अलावा, पानी व किसानों के विश्राम स्थल आदि को देखा।
गन्ना मंत्री व प्रमुख सचिव गन्ना के शुक्रवार की देर शाम आये संदेश के बाद उप गन्ना आयुक्त डा. दिनेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में चले अभियान में उप गन्ना आयुक्त ने स्वयं सहकारी चीनी मिल नानौता एवं निजी चीनी मिल बजाज शुगर गांगनौली व दया शुगर मिल गागलहेड़ी का निरीक्षण किया। इनके साथ जिला गन्ना अधिकारी सहारनपुर केएम मणि त्रिपाठी एवं गन्ना विकास निरीक्षक डा. यशपाल सिंह के साथ जांच की, जिसमें चीनी मिल नानौता में पर्याप्त अलाव नहीं मिलने पर आधी रात में ही मिल के सीसीओ सीपी सिंह को बुलाकर तत्काल अलाव जलवाने तथा भविष्य में भी इसे लगातार जारी रखने के निर्देश दिये। बजाज मिल के यार्ड में पर्याप्त प्रकाश एवं अलाव नहीं मिलने पर मौके पर जीएम केन अनिल चौहान को बुलाकर तत्काल सभी व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिये। साथ ही किसानों के विश्राम स्थल पर पर्याप्त रजाई व गद्दे लगाने एवं विशेष रूप से पीने के लिये गर्म पानी की व्यवस्था के निर्देश दिये, इसके बाद उप गन्ना आयुक्त ने चीनी मिल गागलहेड़ी का निरीक्षण किया। जनपद मुजफ्फरनगर में जिला गन्ना अधिकारी डा. आरडी द्विवेदी ने चीनी मिल खाइखेड़ी में जांच की वहां पर पर्याप्त अलाव नहीं मिलने पर मौके पर जीएम केन को बुलाकर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिये। मोरना मिल में केन हैड को बुलाकर किसानों को पीने के लिए गर्म पानी की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिये। जनपद शामली में जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने स्वयं अपने साथ गन्ना निरीक्षक को लेकर मिलों में जांच की।