ससुर और इकलौते बेटे की हत्या करने के बाद युवक ने खुद को गोली मारकर जान दी Saharanpur News
सहारनपुर में पत्नी के साथ विवाद के चलते सोमवार की सुबह एक दामाद ने अपने ससुर और सात वर्षीय पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सहारनपुर, जेएनएन। थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव जानखेड़ा में युवक ने अपने ससुर और इकलौते सात साल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। डबल मर्डर के बाद हत्यारोपित सचिन ने खुद को भी गोली मार ली। आंख खुलते ही गोली की आवाज व आंगन में दो शव देख परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सचिन को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी भी मौत हो गई। हत्याकांड के बीच सचिन व उसकीय पत्नी मोनिका के बीच सालों से चल रहा विवाद ही वजह बताया जा रहा है।
पत्नी लंबे समय से रह रही थी मायके
गांव जानखेड़ा के परशुराम पुत्र राम सिंह की लडकी मोनिका का विवाह लगभग आठ साल पहले सचिन पुत्र मालचंद निवासी थाना नकुड़ के गांव दैदपुरा के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी में विवाद रहने लगा था, जिसके चलते मोनिका लंबे समय से इकलौते बेटे अंशुल को लेकर मायके में ही रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह सचिन अपने दो साथियों के साथ ससुराल पहुंच गया। सचिन ने आंगन में आते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिससे नहाने के लिए जा रहे ससुर परशुराम व कमरे से निकल कर आया उसका बेटा अंशुल जख्मी हो गया। जब कोई कुछ समझ सकता, तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया।
कोर्ट में चल रहा था विवाद हत्या के तुरंत बाद सचिन ने खुद को भी गोली मार ली। गोलियों की आवाज सुनकर मोनिका व उसकी मां रोते-बिलखते बाहर निकले। कुछ ही देर में इंस्पेक्टर उमेश कुमार, सीओ यतेंद्र नागर तथा एसपी सिटी विनीत भटनागर पहुंच गए। जख्मी सचिन को जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। एसपी सिटी ने बताया कि साल 2014 में सचिन का अपने साले से विवाद हो गया था, जिसमें इनके बीच विवाद कोर्ट में चल रहा है। पत्नी से भी झगड़ा चल रहा था। सोमवार सुबह सचिन ने अपने ससुर व बेटे की हत्या के बाद खुद को गोली मार ली।