शिवा शर्मा हत्याकांड: फरार आरोपित श्रद्धा दुबे का सहारनपुर कनेक्शन, ठगी की रकम से खरीदी गई कार जब्त
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपित श्रद्धा दुबे की स्कोडा कार सहारनपुर के साइबर क्राइम थाने में ...और पढ़ें

HighLights
श्रद्धा दुबे की स्कोडा कार सहारनपुर थाने में जब्त।
कार 90.59 लाख रुपये साइबर ठगी मामले से संबंधित।
अंकित जायसवाल ने ठगी के पैसों से खरीदी थी कार।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपित श्रद्धा दुबे का कनेक्शन सहारनपुर से जुड़ा मिला है। श्रद्धा के नाम पर पंजीकृत स्कोडा कार सहारनपुर के साइबर क्राइम थाने में पुलिस अभिरक्षा में खड़ी है। कार को 2024 में आयुष्मान योजना के तहत बकाया भुगतान कराने का झांसा देकर की गई 90.59 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले की जांच के दौरान जब्त किया गया था।
पुलिस की जांच में सामने आया था कि लखनऊ निवासी आरोपित अंकित जायसवाल ने कथित तौर पर ठगी की रकम से कार खरीदी और उसका पंजीकरण अपनी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे के नाम पर कराया था। कार (डीएल 6सीएम 3920) का पंजीकरण दिल्ली के महिपालपुर क्षेत्र में कराया गया था।
2024 में सहारनपुर में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के बकाया बिलों का भुगतान कराने का झांसा देकर परांकुर हास्पिटल से जुड़े सर्जन डा. प्रभात कुमार वर्मा से करीब 90.59 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने दिसंबर 2024 में लखनऊ से अंकित जायसवाल समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। तब से अंकित सहारनपुर जेल में बंद है। जांच में ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों की पड़ताल के दौरान स्कोडा कार का पता चला।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में हरियाणा पुलिस पर हमला कर ट्रक चोरी का आरोपी फरार, पुलिस ने रात में किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, अंकित ने कथित तौर पर ठगी की रकम से यह कार खरीदी थी और इसे श्रद्धा के नाम पर पंजीकृत कराया था। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया था।
