मैनपुरी में हरियाणा पुलिस पर हमला कर ट्रक चोरी का आरोपी फरार, पुलिस ने रात में किया गिरफ्तार
मैनपुरी में ट्रक चोरी के वांछित को पकड़ने गई हरियाणा पुलिस टीम पर आरोपी के परिवार ने हमला कर दिया, ...और पढ़ें

HighLights
हरियाणा पुलिस पर मैनपुरी में आरोपी परिवार ने हमला किया।
हमले में दो हरियाणा पुलिस सिपाही घायल, आरोपी फरार हुआ।
मैनपुरी पुलिस ने बाद में ट्रक चोरी के आरोपी को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। ट्रक चोरी के वांछित को पकड़ने आयी हरियाणा पुलिस टीम पर आरोपित के परिवारीजन ने हमला बोल दिया। गाड़ी में तोड़फोड़ की। हमले में हरियाणा पुलिस के दो सिपाही घायल हो गए। अफरातफरी के बीच आरोपित भाग निकला। हमले का मुकदमा दर्ज करवाकर ट्रक लेकर पुलिस लौट गई। पुलिस ने आरोपित को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया।
राहुल हरियाणा में ट्रक चलाता था था। 15 दिन पूर्व वह ट्रक चोरी करके भाग निकला। ट्रक मालिक ने ड्राइवर राहुल के खिलाफ पल्ला थाने में मुकदमा दर्ज कराया। आरोपित का सुराग लगाती हुई पल्ला थाना पुलिस की टीम एसआइ राजकुमार के नेतृत्व में शुक्रवार रात पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ रात 11 बजे राहुल के घर पर दबिश दी।
क्या है आरोप?
आरोप है कि राहुल के परिवार ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हरियाणा पुलिस की इनोवा कार के पहियों की हवा निकालकर तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में सिपाही बलवीर और रमेश कुमार घायल हो गए। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंचा, तब तक आरोपित फरार हो गए। तलाशी अभियान के दौरान घर के पीछे रखा चोरी का ट्रक मिल गया।
यह भी पढ़ें- आठवां आल इंडिया लॉयर्स T-20: सुप्रीम कोर्ट इलेवन ने हाई कोर्ट इलेवन को 8 विकेट से हराया
हरियाणा पुलिस की टीम आरोपित राहुल, उसके पिता सरकार सिंह, भाई विकास, कृष्णा, मोहन, मां रेखा, बहन खुशबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर ट्रक लेकर रवाना हो गई। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस की दो टीमों को राहुल की तलाश में लगाया गया था। शनिवार रात नौ बजे पुलिस ने सैफई बाइपास से राहुल को गिरफ्तार कर लिया। हरियाणा पुलिस को सूचना दे दी गई है।
