हादसे के कारण सपना टूटा, लेकिन क्रिकेट से मोह नहीं छूटा... और आज यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर बन गए दीपक
सहारनपुर के दीपक सैनी का क्रिकेटर बनने का सपना एक हादसे के कारण टूट गया, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका ...और पढ़ें

माता-पिता के साथ दीपक सैनी। सौ. स्वयं
HighLights
हादसे के कारण क्रिकेटर बनने का सपना टूट गया था।
क्रिकेट के प्रति जुनून ने अंपायर बनने में मदद की।
दीपक सैनी बन गए यूपी क्रिकेट एसोसिएशन अंपायर।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। साधारण क्रिकेट प्लेयर दीपक ने खेतों में गांव के बच्चों के साथ क्रिकेट खेलकर जहां क्रिकेटर बनने का सपना देखा था। हादसे के कारण सपना टूटा, लेकिन क्रिकेट से मोह नहीं। अथक प्रयासों से दीपक ने यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर बनने का गौरव हासिल किया है।
कस्बा गंगोह के गांव कोरी माजरा निवासी दीपक के पिता राजकुमार सैनी गांव में स्कूल चलाते हैं तथा माता भारती सैनी साधारण गृहणी हैं। दीपक सैनी चार भाई-बहन हैं। दीपक का जुड़ाव शुरू से ही क्रिकेट के प्रति था। वर्ष 2010 से पूर्व वे खेतों में क्रिकेट प्रैक्टिस किया करते थे, उसके बाद सपना पूरा करने को सहारनपुर आकर कमरा लेकर रहने लगे तथा प्रैक्टिस में जुट गए। हालांकि शुरुआती दौर में उन्हें सफलता नहीं मिली। इसी बीच एसडीसीए की नजर उन पर पर पड़ी, लेकिन वर्ष 2016 में दीपक के साथ हुए हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई तथा वह क्रिकेट से दूर हो गए, लेकिन क्रिकेट के प्रति लगाव नहीं छूटा।
दीपक ने वर्ष 2020 में एक फेसबुक पोस्ट को देखकर अंपायर बनकर दोबारा से क्रिकेट के साथ जुड़ने का मन बनाया। इस बीच एसडीसीए ने दीपक को विभिन्न आयु वर्ग के जिला स्तरीय ट्रायल मैचों अंपायरिंग करने का मौका दिया। जिसका परिणाम रहा कि दीपक को बीसीसीआई अंडर-19 कूच बिहार ट्राफी के मैचों में बीसीसीआइ अंपायर्स के साथ सहभागिता निभाने का मौका मिला। दीपक अपनी कामयाबी का श्रेय सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन व चेयरमैन मोहम्मद अकरम देते हैं, उनका कहा कि कि एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुरुआती समय में भरपूर सहयोग किया।
दीपक ऐसे चुने गए अंपायर
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने प्रदेश की अपनी सभी क्रिकेट एसोसिएशनों से अंपायर चयन के लिए प्रतिभागियों के नाम मांगे थे। जिसमें एसडीसीए ने दीपक का नाम चयन के लिए भेजा था। दीपक ने अगस्त में प्रदेश स्तर पर अंपायर चयन की लिखित परीक्षा दी तथा सितंबर में साक्षात्कार व प्रायोगिक परीक्षा के बाद हाल में उप्र क्रिकेट एसोसिएशन ने परीक्षा परिणाम घोषित किया, जिसमें दीपक सैनी का चयन हुआ है।
गांव व खेल प्रेमियों में उत्साह
दीपक के अंपायर चयन की सूचना के बाद खेल प्रेमियों के अलावा उसके गांव व पूरा परिवार में उत्साह की लहर है। दीपक बताते है कि क्रिकेट में तैयारी के दौरान परिवार ने तन, मन और धन तीनों ही तरह से सहयोग किया। हर उतार चढ़ाव में परिवार साथ खड़ा रहा। एक बार लगा था कि शायद क्रिकेट अब हमेशा के लिए दूर हो गया, दूसरे स्थानों पर नौकरी का भी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान अंपायर नियुक्त होने पर क्रिकेट का सपना पूरा होने का मौका मिला है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।