सहारनपुर के YouTuber राज ग्रोवर की रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में एंट्री, तेज प्रताप और स्वरा भास्कर के साथ आएंगे नजर
सहारनपुर के 20 वर्षीय यूट्यूबर राज ग्रोवर डेढ़ करोड़ से अधिक फॉलोअर्स के साथ मुंबई में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

बहन राजश्री, मां रश्मि ग्रोवर और पिता डॉ. महेश ग्रोवर के साथ राज ग्रोवर
HighLights
सहारनपुर के राज ग्रोवर 'राइज एंड फॉल' में शामिल।
यूट्यूब पर डेढ़ करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं।
तेज प्रताप यादव, स्वरा भास्कर संग रियलिटी शो।
विश्व प्रताप, सहारनपुर। शहर की छोटी सी कॉलोनी में रहने वाले 20 वर्षीय राज ग्रोवर ने यहां से निकलकर अब मुंबई में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेर रहे हैं। फैमिली कंटेंट पर वीडियो बनाकर सहारनपुर से मुंबई की चकाचौंध तक का सफर तय करने वाले राज ग्रोवर के यूट्यूब पर डेढ़ करोड़ से ज्यादा फॉलोवर्स हैं।
फिलहाल वह मुंबई में पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव, स्वरा भास्कर, शहजाद पूनावाला, प्रियंका चाहर के साथ रियलिटी शो में हिस्सा ले रहे हैं।
जिला अस्पताल के सामने दामोदर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय राज ग्रोवर एमेजन एमएक्स प्लेयर के रियलिटी शो राइज एंड फॉल के सीजन-2 में प्रतिभाग कर रहे हैं। सामान्य परिवेश में पले-बढ़े राज ग्रोवर अपनी प्रतिभा के दम पर मुंबई में सहारनपुर का नाम चमका रहे हैं।
टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग की मेजबानी में हो रहे रियलिटी शो में राज ग्रोवर के साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के बेटे तेज प्रताप यादव, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूना वाला, बालीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर व प्रियंका चाहर चौधरी और टीवी अभिनेता कर्ण पटेल जैसे सेलेब्रेटी भाग ले रहे हैं।
यूट्यूब पर हैं करीब 15.3 मिलियन फॉलोवर्स
राज के पिता डॉ. महेश ग्रोवर जिला अस्पताल में एनेस्थेटिस्ट रह चुके हैं तथा वर्तमान में निजी प्रैक्टिस करते हैं। वहीं राज की माता रश्मि ग्रोवर गृहिणी हैं तथा बेटे के साथ वीडियो में भी किरदार निभाती हैं। वहीं राज की बहन राजश्री ग्रोवर दिल्ली के सेंट स्टीफन कालेज से रेडियोलाजिस्ट का कोर्स कर रही हैं।
डॉ. महेश ग्रोवर ने बताया कि बेटे का नाम राजवर्धन ग्रोवर दिल्ली से अंग्रेजी से बीए आनर्स कर रहा है तथा यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर राज ग्रोवर के नाम से चैनल चलाता है। राज स्वस्थ मनोरंजक कंटेंट पर वीडियो बनाता है, जिन्हें पूरे परिवार के लोग देख सकें। उसके यूट्यूब पर करीब 15.3 मिलियन तथा इंस्टाग्राम पर 2.5 मिलियन फालोवर्स हैं।
डॉ. महेश ग्रोवर ने बताया कि राज ग्रोवर ने एमेजन एमएक्स प्लेयर पर रियलिटी शो के लिए पंजीकरण फॉर्म भरा था। इसके बाद आयोजकों की ओर से मांगे जाने पर ऑडिशन के लिए अपना वीडियो बनाकर भेजा था। राज का रियलिटी शो के लिए चयन होने में यूट्यूब पर उसके डेढ़ करोड़ से ज्यादा फालोवर्स की संख्या का अहम योगदान रहा।
