बात सेहत की! बदली दिनचर्या तो 400 से 120 पर आया शुगर लेवल... यूं नियमित योग से दी डायबिटीज को मात
संतोष कुमार त्यागी और डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने योग व अनुशासित जीवनशैली से अपनी डायबिटीज को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
संतोष त्यागी ने नियमित योग से शुगर 400 से 120 किया।
डॉ. गुप्ता 28 साल से योग से डायबिटीज नियंत्रित कर रहे।
अनियमित दिनचर्या, खानपान डायबिटीज के मुख्य कारण हैं।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। अनियमित दिनचर्या, खानपान और मानसिक तनाव आज डायबिटीज जैसी बीमारियों की बड़ी वजह बन रहे हैं। एक बार इस बीमारी की चपेट में आने के बाद मरीजों को जीवनभर खानपान और सेहत का ध्यान रखना पड़ता है। हालांकि, नियमित योगाभ्यास और अनुशासित जीवनशैली से शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। न्यू अमरदीप कालोनी निवासी संतोष कुमार त्यागी इसका उदाहरण हैं। वर्ष 2010 में उनका शुगर लेवल 400 तक पहुंच गया था, लेकिन नियमित योग और दिनचर्या में बदलाव के बाद अब उनका शुगर लेवल करीब 120 रहता है।
संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि डायबिटीज का पता चलने के बाद उन्होंने अपनी जीवनशैली बदलने का फैसला किया। करीब चार महीने तक नियमित रूप से योगाभ्यास किया। इसके बाद शुगर लेवल में धीरे-धीरे गिरावट आने लगी। उन्होंने खानपान और दिनचर्या को भी अनुशासित किया। अब वह नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए हुए हैं। संतोष त्यागी मुजफ्फराबाद ब्लाक के अलीपुर कलां गांव में राज्य स्तर पर अंग्रेजी भाषा के प्रशिक्षक हैं। उनका मानना है कि योग ने उन्हें अपनी सेहत के प्रति अधिक सजग बनाया है।
28 साल से योग के सहारे नियंत्रित कर रहे डायबिटीज
वरिष्ठ फिजीशियन डा. अशोक कुमार गुप्ता बताते हैं कि स्वयं वर्ष 1996 में डायबिटीज की चपेट में आ गए थे। इसके बाद उन्होंने केवल दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय योग का सहारा लेने का निर्णय लिया। वर्ष 1998 में वह पद्मश्री स्वामी भारत भूषण के सान्निध्य में मोक्षायतन अंतरराष्ट्रीय योग संस्थान पहुंचे। यहां उनके मार्गदर्शन में योगाभ्यास और जीवनशैली से जुड़े अनुशासन को अपनाया।
उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से उन्हें डायबिटीज नियंत्रित रखने और उसकी जटिलताओं से बचाव में मदद मिली। पिछले 28 वर्षों से योग और मोक्षायतन संस्थान की जीवनशैली उनके परिवार का भी हिस्सा है। डा. अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि रोगों का संबंध हमारी जीवनशैली, खानपान और मानसिक स्थिति से भी होता है। वह अपने पास उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दवाओं और चिकित्सकीय सलाह के साथ योगाभ्यास के लिए भी प्रेरित करते हैं। इससे मरीजों को अपनी दिनचर्या सुधारने और बीमारी के प्रबंधन में सहयोग मिलता है।