कमरे में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष का हत्या का आरोप; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सहारनपुर के दिनारपुर गांव में एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला, जिसकी सूचना उसकी पांच वर्षीय ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
दिनारपुर में विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर मिला।
पांच वर्षीय बेटी ने मां को फंदे पर लटका देखा।
मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, गागलहेड़ी (सहारनपुर)। दिनारपुर गांव में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना के समय उसकी पांच वर्षीय बेटी भी कमरे में सो रही थी। बच्ची की आंख खुलने पर मां को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने घर के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में स्वजन ने विवाहिता को फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
दिनारपुर की एक्सचेंज वाली गली निवासी विकास पुत्र पूरण सिंह की 31 वर्षीय पत्नी मीनू बुधवार रात करीब आठ बजे अपने कमरे में कुंडे से बने फंदे पर लटकी मिली। उस समय कमरे में उसकी पांच वर्षीय बेटी परी भी सो रही थी। बताया गया कि बच्ची की आंख खुली तो उसने अपनी मां को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसने घर के अन्य सदस्यों को आवाज देकर घटना की जानकारी दी। स्वजन मौके पर पहुंचे और मीनू को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी।
बताया जाता है कि सात भाइयों में सबसे छोटे विकास की शादी वर्ष 2016 में बेरीजमा निवासी राजकुमार की पुत्री मीनू के साथ हुई थी। दंपती की अपनी कोई संतान नहीं थी। मीनू ने अपने भाई की बेटी परी को गोद लिया हुआ था। विकास सहारनपुर में एक सरकारी अधिकारी के यहां खाना बनाने का काम करता है। मीनू की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए घटना को संदिग्ध बताया।
आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।सीओ सदर पवन कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।