विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर में परिवार के बीच 13 दिन 'डिजिटल अरेस्ट' का खौफनाक सच! ठगों ने की हर पल निगरानी; 66 लाख गंवाकर कैसे बाहर निकलीं सुनीता?

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 27 Nov 2026 07:46 PM (IST)

सहारनपुर निवासी सुनीता को साइबर ठगों ने 13 दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' कर 66 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने उन्हें लगातार वीडियो कॉल पर निगरानी में रखा।

AI जेनरेटिड फोटो

AI जेनरेटिड फोटो

HighLights

  1. ठगों ने पुणे एटीएस अधिकारी बनकर महिला को फंसाया।

  2. ठग परिवार के सामने सामान्य बातचीत करने को कहते थे।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। 'मैं घर में परिवार के बीच रहकर भी कैद थी। नहाने जाती थी तो फोन साथ लेकर जाना पड़ता था। खाना बनाती थी तो मोबाइल किचन में रखना पड़ता था। मंदिर में पूजा करती थी, तब भी वीडियो काॅल चालू रखनी पड़ती थी।

'घर में दूधवाला या कामवाली आती थी तो इसकी जानकारी भी ठगों को देनी पड़ती थी। ये शब्द सहारनपुर के आवास विकास निवासी सुनीता रानी के हैं, जिन्होंने साइबर ठगों की ऐसी खौफनाक साजिश झेली, जिसने उनकी जिंदगी के 13 दिन दहशत और मानसिक प्रताड़ना में बदल दिए।'

आवास विकास कालोनी निवासी सुनीता रानी को ठगों ने खुद को पुणे एटीएस का अधिकारी बताकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया। आतंकवादियों को पैसे भेजने, गिरफ्तारी और परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उनसे 66 लाख रुपये ठग लिए। हैरानी की बात यह है कि सुनीता अपने पति और बच्चों के साथ घर में रहते हुए भी किसी को अपनी परेशानी नहीं बता पा रही थीं।

हर पल वीडियो काल के जरिए उनकी निगरानी की जा रही थी। आखिरकार बाथरूम में दूसरे मोबाइल से रिश्तेदार को फोन कर उन्होंने मदद मांगी और 13 दिन की इस डिजिटल कैद से बाहर निकल सकीं। अब साइबर पुलिस ने 40 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं।

सुनीता रानी के मुताबिक, भैया दूज के अगले दिन यानी 12 नवंबर को सुबह करीब 10:45 बजे उनके मोबाइल पर एक फोन आया। काल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और कहा कि उनके बैंक खाते से आतंकवादियों को पैसे भेजे जा रहे हैं। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

यह सुनते ही सुनीता घबरा गईं। ठगों ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि अगर वह जांच में सहयोग नहीं करेंगी तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। गिरफ्तारी के डर से उन्होंने आरोपियों के निर्देश मानने शुरू कर दिए। ठगों ने सबसे पहले घर के सभी दरवाजे बंद करने, मोबाइल चार्जिंग पर लगाने और आधार कार्ड लेकर बैठने को कहा। इसके बाद आधार कार्ड, बैंक खातों और परिवार के सदस्यों से जुड़ी जानकारियां हासिल कर लीं।

फिर शुरू हुआ लगातार निगरानी का सिलसिला। सुनीता को वीडियो काॅल पर रहने के लिए मजबूर कर दिया गया। डिजिटल अरेस्ट के दौरान सुनीता को सबसे ज्यादा तकलीफ अपने स्वजन से परेशानी छिपाने में हुई। ठगों ने धमकी दी थी कि अगर उन्होंने किसी को इस मामले की जानकारी दी तो उन्हें और उनके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा।

सुनीता बताती हैं कि उनके पति और बच्चों के फोन आते थे। ठग उन्हें परिवार के सामने बैठाकर सामान्य तरीके से बातचीत करने को कहते थे। बच्चे बार-बार पूछते थे, मम्मी क्या बात है, आप कुछ छिपा रही हैं, हमें बताती क्यों नहीं हैं, लेकिन वह चाहकर भी कुछ नहीं बता पाती थीं।

यह बरतें सावधानी

साइबर थाना प्रभारी जावेद खान ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट से बचने के लिए वीडियो काल या फोन पर गिरफ्तारी की धमकी मिलने पर घबराएं नहीं, तुरंत काल काॅट दें और किसी को भी पैसे या निजी जानकारी न दें। कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। पुलिस, सीबीआइ या ईडी कभी भी वीडियो काल पर पूछताछ या गिरफ्तारी नहीं करते।

  • वर्दी और आइडी पर भरोसा न करें, वीडियो काल पर नकली पुलिस स्टेशन, वर्दी या आइडी कार्ड दिखाकर ठग डराते हैं।
  • पैसे ट्रांसफर न करें, जांच, जमानत या सत्यापन के नाम पर किसी भी खाते या यूपीआई में पैसे न भेजें।
  • निजी जानकारी साझा न करें, ओटीपी, यूपीआइ पिन, पासवर्ड, आधार या बैंक विवरण किसी अनजान को न दें।
  • काल या चैट डिलीट किए बिना तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर काल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। पैसे चले गए हों तो फौरन अपने बैंक को भी सूचना दे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।