विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधायक का फोन न उठाना महंगा पड़ा, विधानसभा अध्यक्ष ने किया एसएसपी को तलब... तीन दिसंबर को पेश होकर देना होगा जवाब

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 29 Nov 2026 02:23 PM (IST)

सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने तलब किया है। यह कार्रवाई बेहट विधायक उमर अली खान की शिकायत पर हुई, क्योंकि मिर्जापुर थाना प्रभारी ने उनके फोन नहीं उठाए।

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. एसएसपी सहारनपुर को विधानसभा अध्यक्ष ने किया तलब।

  2. विधायक का फोन न उठाने पर थाना प्रभारी पर आरोप।

  3. तीन दिसंबर को विस में पेश होकर देना होगा जवाब।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जनप्रतिनिधि का फोन न उठाना मिर्जापुर थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। बेहट से सपा विधायक उमर अली खान की शिकायत पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन को तलब किया है। एसएसपी को तीन दिसंबर को विधानसभा में पेश होकर मामले में अपना पक्ष रखना होगा। मामला थाना मिर्जापुर के प्रभारी विनोद कुमार पर जनप्रतिनिधि के फोन की अनदेखी करने और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने के आरोप से जुड़ा है।

विधायक उमर अली खान ने विधानसभा अध्यक्ष को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि जनहित के कार्यों के सिलसिले में उन्होंने थाना प्रभारी विनोद कुमार से कई बार उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। विधायक के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को रात 10:34 और 11:04 बजे फोन किया गया। इसके बाद एक अक्टूबर को दोपहर 12:49 और 2:26 बजे भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। विधायक ने शिकायत में आठ अक्टूबर का घटनाक्रम भी दर्ज कराया है।

उन्होंने शाम 6:45 बजे से 6:59 बजे के बीच थाना प्रभारी को छह बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इससे पहले शाम 5:27 बजे एक आरक्षी ने फोन उठाकर बताया था कि थाना प्रभारी बैठक में व्यस्त हैं। विधायक का कहना है कि बैठक समाप्त होने के बाद थाना प्रभारी को वापस फोन करना चाहिए था, लेकिन न तो कॉल बैक किया गया और न ही संपर्क नहीं करने का कोई संतोषजनक कारण बताया गया।

विधायक ने पत्र में कहा कि जनहित के कार्यों को लेकर स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। शासन की ओर से जनप्रतिनिधियों के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के बावजूद थाना प्रभारी का लगातार फोन नहीं उठाना अनुचित व्यवहार है। उन्होंने इसे केवल फोन की अनदेखी नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि के सम्मान और निर्धारित व्यवस्था की अवहेलना बताया।

विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष से प्रकरण को संसदीय अनुश्रवण समिति के विचारार्थ भेजने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले में कार्रवाई होने से भविष्य में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जनहित के कार्यों में अधिकारियों से संपर्क करने में परेशानी नहीं होगी।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने एसएसपी अभिनंदन को तीन दिसंबर को विधानसभा में तलब किया है। अब जिले के पुलिस कप्तान को थाना प्रभारी के व्यवहार और प्रोटोकॉल के पालन को लेकर अपना जवाब देना होगा। एक थानेदार की ओर से विधायक का फोन नहीं उठाने का मामला अब विधानसभा तक पहुंचने से पुलिस महकमे में भी अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।