सहारनपुर की 46 बदहाल सड़कों की बदलेगी सूरत, 8 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प
Saharanpur News: सहारनपुर नगर निगम ने शहर की 46 बदहाल सड़कों के सुधार और निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की है।

सहारनपुर की बदहाल सड़क।
HighLights
नगर निगम ने आपत्तियां न मिलने पर परियोजना को आगे बढ़ाया।
बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव, मंजूरी के बाद शुरू होंगे निर्माण कार्य।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। महानगर की बदहाल सड़कों को सुधारने के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू की है। शहर के अलग-अलग वार्डों में 46 सड़कों का निर्माण और सुधार कार्य कराया जाएगा। इस पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़कों के निर्माण को लेकर नगर निगम की तरफ से आपत्तियां मांगी गई थीं, लेकिन निर्धारित समय सीमा में किसी भी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि की तरफ से आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। ऐसे में अब परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
नगर निगम ने सड़क निर्माण से संबंधित प्रस्ताव तैयार किया था। इसके तहत उन सड़कों को शामिल किया गया है, जिनका निर्माण और सुधार कराया जाना प्रस्तावित है। प्रस्तावित कार्यों पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना को आगे बढ़ाने से पहले नगर निगम ने लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे थे।
इसका उद्देश्य यह था कि प्रस्तावित कार्यों को लेकर यदि किसी क्षेत्र के नागरिक या जनप्रतिनिधि को कोई समस्या हो तो वह समय रहते अपनी बात रख सके। हालांकि निर्धारित अवधि समाप्त होने तक निगम को कोई आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। अब नगर निगम इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में स्वीकृति के लिए रखेगा।
सदन से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रशासनिक और निर्माण संबंधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद टेंडर आदि की औपचारिकताएं पूरी कराकर संबंधित सड़कों पर काम शुरू कराया जाएगा। शहर के खाताखेडी, मंडी समिति रोड, इलाहीपुरा, कपिल विहार, शारदा नगर, मल्हीपुर रोड, पिंजौरा आदि समेत कई इलाकों में सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं।
कहीं सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है तो कहीं गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई मुहल्लों में खराब सड़कों के चलते दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भी दिक्कत होती है।
इन्होंने कहा
शहर के 70 वार्डों में करीब 46 सड़कों का निर्माण और रिपेयरिंग कार्य होना है। करीब आठ करोड़ रुपये इस कार्य में खर्च किए जाएंगे। बोर्ड बैठक में प्रोजेक्ट को पास कराने के बाद आगे का कार्य किया जाएगा। एसपी मिश्रा, चीफ इंजीनियर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।