सिर्फ 6 हजार रुपये में चोरी की बाइक बेचने वाला गैंग पकड़ा, रिटायर्ड फौजी सहित 3 दबोचे; 9 बाइक बरामद
सहारनपुर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सेवानिवृत्त फौजी सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
सहारनपुर पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश।
नशे की लत को पूरा करने के लिए आरोपित चुराते थे वाहन।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का राजफाश करते हुए सेवानिवृत्त फौजी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी की नौ बाइकें भी बरामद की हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि सरसावा पुलिस ने 13 सितंबर को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान नकुड़-सरसावा मार्ग पर हाईवे पुल के नीचे से तीनों आरोपितों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नितिन कुमार उर्फ रोहित फौजी निवासी झबीरण, वंश उर्फ राजा निवासी गदरहेड़ी और गौरव निवासी झबीरण के रूप में हुई है। आरोपितों की निशानदेही पर नकुड़ रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पुराने खंडहरों में छिपाकर रखी गई सात बाइकें बरामद की गईं। दो बाइक संबंधित मुकदमों से जुड़ी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सरसावा स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास से एक स्प्लेंडर और पिलखनी पीजीआइ अस्पताल से एक प्लेटिना बाइक चोरी की थी। इसके अलावा सरसावा, सदर बाजार और चिलकाना थाना क्षेत्रों के साथ हरियाणा से भी अलग-अलग जगहों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपितों ने बताया कि चोरी की बाइकों को वह ग्रामीण इलाकों में छह से आठ हजार रुपये में बेच देते थे।
यह भी पढ़ें- 70 करोड़ रुपये के नकली सिक्के बाजार में चला चुके गिरोह का भंडाफोड़, एक लाख के इनामी समेत पांच गिरफ्तार
करीब 60 विद्युत खंभों से लाइन का तार चोरी
नागल : विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और अपनी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों को बिजली कनेक्शन और अन्य कार्यों के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, वहीं विभाग अपनी ही विद्युत लाइनों की सुरक्षा करने में नाकाम नजर आ रहा है। नागल क्षेत्र में चोरों ने करीब 50 से 60 विद्युत खंभों से लाइन का तार चोरी कर लिया और विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।
