ऐशो आराम की जिंदगी जीने के लिए करने लगे चोरी, 11 बाइकों के साथ-साथ चार आरोपित गिरफ्तार
Saharanpur News : बेहट पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 11 बाइकें बरामद हुई हैं।

बेहट थाना पुलिस की हिरासत में वाहन चोर। सौ. पुलिस
HighLights
सहारनपुर, देहरादून और हरिद्वार से बाइकें चुराकर बेचते थे।
ग्राहक नहीं मिलने पर कबाड़ में कटवा देते थे वाहन।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। बेहट पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की 11 बाइकें बरामद हुई हैं। आरोपित सहारनपुर के साथ ही देहरादून, हरिद्वार से बाइक चोरी करते थे और उन्हें सहारनपुर में ही बेच देते थे। आरोपितों ने पांच बाइक बेहट, दो बाइक सहारनपुर व चार बाइकें देहरादून से चोरी की थीं। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बुध्यावार को एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना बेहट पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार आरोपितों को गंगोह नहर पुल से गिरफ्तार किया। आरोपितों ने अपना नाम अहसान उर्फ शानू निवासी ग्राम रामपुर कला थाना सहसपुर देहरादून, मेहरबान निवासी ग्राम मिर्जापुर पोल थाना मिर्जापुर सहारनपुर, दिलशाद निवासी ग्राम दबकोरा थाना कोतवाली बेहट व शमशाद निवासी ग्राम दबकोरा थाना कोतवाली बेहट बताए। उनके पास से चोरी की 11 बाइक बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह आपस में दोस्त व रिश्तेदार हैं।
थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि आरोपित ऐशो आराम की जिंदगी जीने के लिए वाहनों की चोरी करते थे। वह इन वाहनों को देहरादून, सहारनपुर, हरिद्वार आदि जिलों से चोरी करके लाते थे। पहले आरोपित ग्राहक ढूंढते थे। यदि ग्राहक नहीं फंसता था तो वाहन को कबाड़ में कटवा दिया जाता था। आरोपित नशे के भी आदी हैं।
जिले में वाहनों की कत्लगाह बनता जा रहा ढोलीखाल
थाना कुतुबशेर क्षेत्र में स्थित मुहल्ला ढोलीखाल वाहनों की कत्लगाह बनता जा रहा है। यहां पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, हरियाणा के यमुनानगर जिले से वाहनों को चोरी करने के बाद लाया जाता है और उसके पुर्जे-पुर्जे अलग कर दिए जाते हैं। वाहन के पुर्जों को अलग-अलग ही बेचा जाता है।