Passport Slot: पासपोर्ट बनवाने की होड़, अब परिवार के सभी सदस्य भी करने लगे आवेदन; तहसील स्तर पर PSK की उठी मांग
Saharanpur News: सहारनपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर अब पासपोर्ट सत्यापन के लिए एक महीने का स्लॉट मिल रहा है, जबकि पहले यह तीन महीने का होता था।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
गाजियाबाद पासपोर्ट आफिस से सहारनपुर सहित13 जिलों में पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित।
पासपोर्ट सेवा केंद्र की सुविधा तहसील स्तर के डाकघरों पर सुलभ कराने की मांग।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। विदेशों में सैर-सपाटा, नौकरी और रिश्तेदारों और मित्रों के यहां जाने के लिए विदेश जाने के लिए पासपोर्ट बनवाने का लोगों में रूझान बना हुआ है। पासपोर्ट सेवा केंद्र से अब ऑनलाइन एक महीने का स्लाॅट ही बुक हो रहा है। आवेदकों को 10 दिसंबर की तिथि मिल रही है। जुलाई में स्लाॅट बुक कराने वालों को तीन महीने की तिथि मिल रही थी। एक जुलाई से पासपोर्ट के लिए एक हजार रुपये की फीस में बढ़ोतरी की गई थी।
जीपीओ रोड स्थित प्रधान डाकघर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) का शुभारंभ जनवरी-2019 में तत्कालीन सांसद राघव लखनपाल शर्मा द्वारा किया गया था। पहले जिले से पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को गाजियाबाद अथवा देहरादून का स्लाट बुक करना होता था। पासपोर्ट के साथ लगाए गए प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया संबंधित को इन्हीं जिलों के पासपोर्ट कार्यालयों में पूरी करानी होती थी।
गाजियाबाद पासपोर्ट आफिस से 13 जिलों में पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित है। जिले में 2019 में सेवा शुरू होने से यहां प्रत्येक कार्य दिवस के लिए 50 पासपोर्ट के सत्यापन के लिए स्लाट बुक होते थे। बाद में अब यहां से 90 पासपोर्ट और 10 पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट की व्यवस्था है। 30 जून तक पासपोर्ट के आवेदकों को 1500 रुपये के शुल्क का आनलाइन भुगतान करना होता था।
एक जुलाई से एक हजार रुपये की वृद्धि की गई है। जुलाई में स्लाॅट के लिए अक्टूबर की तिथि मिल रही थी। पहले एक परिवार से एक दो व्यक्ति ही पासपोर्ट के लिए आवेदन करता था लेकिन अब एक परिवार के अमूमन सभी सदस्य पासपोर्ट के लिए आवेदन करते है।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पूर्व महामंत्री रामकुमार शर्मा का कहना है कि पासपोर्ट सेवा केंद्र की सुविधा तहसील स्तर के डाकघर पर सुलभ कराई जानी चाहिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को सुविधा मिल सके। कई बार यहां दो से तीन महीने की स्लाट बुकिंग मिलती है जिससे आवेदकों को गाजियाबाद अथवा आसपास के जिलों में जाना पड़ता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।