चोटी काटी, मशीन से काट दिए भौंह के बाल, सहारनपुर में पंडित के साथ हैवानियत से ब्राह्मण संगठनों में आक्रोश
सहारनपुर के कमालपुर गांव में एक पंडित के साथ मारपीट कर जबरन चोटी काटने और सिर-भौंह के बाल काटने का मामला सामने आया है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
पंडित की चोटी और सिर-भौंह के बाल काटे गए।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर हुआ वायरल।
ब्राह्मण संगठनों में आक्रोश, पुलिस ने की कार्रवाई।
संवाद सूत्र, सहारनपुर। छुटमलपुर थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम कमालपुर में एक पंडित के साथ मारपीट कर जबरन चोटी काटने और मशीन से सिर व भौंह के बाल काटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
मामले को लेकर ब्राह्मण संगठनों में भी नाराजगी है और उनकी सक्रियता लखनऊ तक बढ़ने की बात सामने आ रही है। पीड़ित ने थाना फतेहपुर में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम हलवाना निवासी सुशील कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पंडिताई का कार्य करते हैं। साथ ही कमालपुर में जमीन ठेके पर लेकर खेती भी करते हैं। कमालपुर निवासी बालेंद्र उनके साथ खेती के कार्य में सहयोग करता है। इसी कारण उनका बालेंद्र के घर आना-जाना था।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश
बताया कि 29 जुलाई की रात करीब नौ बजे सुशील कुमार शर्मा बालेंद्र के घर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान कमालपुर निवासी नरेश, विजयपाल, बाबू समेत कुछ अन्य युवक वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने रात के समय बालेंद्र के घर बैठने का कारण भी पूछा।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने जबरन मशीन से उनकी चोटी काट दी। इसके साथ ही सिर के बाल और भौंह के बाल भी काट दिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना का वीडियो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।
सुशील कुमार शर्मा का कहना है कि घटना से समाज में उनकी काफी बदनामी हुई। आरोपितों की धमकी के कारण वह तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके। बाद में उन्होंने थाना फतेहपुर पहुंचकर तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हालांकि घटना का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की जानकारी सामने आने के बाद ब्राह्मण संगठनों में रोष है। संगठनों ने मामले में आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
