विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिल्मी कहानी जैसा मर्डर: पहले प्रेमिका ने डूडा कर्मी को मौत के घाट उतारा, इसके बाद साथियों ने युवती को भी मार डाला

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 30 Apr 2026 06:55 PM (IST)

Saharanpur News : बागपत में तैनात डूडा कर्मी विक्रांत कुमार की प्रेमिका राखी कश्यप ने गोली मारकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

राखी और विक्रांत का फाइल फोटो

राखी और विक्रांत का फाइल फोटो

HighLights

  1. प्रेमिका ने डूडा कर्मी विक्रांत कुमार को गोली मारी।

  2. साथियों ने सबूत मिटाने को प्रेमिका राखी की हत्या की।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। बागपत में तैनात डूडा कर्मी की प्रेमिका ने गोली मारकर उसकी हत्या की थी। इसके बाद युवती के साथियों ने उसे भी मार डाला और उसका शव सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव रजापुर नौगांवा में लाकर फेंक दिया था।

पुलिस पूछताछ में युवती की हत्या करने वाले उसके एक युवक ने कई अहम जानकारियां दी। देर रात तक भी पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी रही।

बागपत में डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) में तैनात सिटी मिशन मैनेजर 37 वर्षीय विक्रांत कुमार निवासी प्रयागराज 16 अप्रैल को लापता हो गए थे। उनकी पत्नी ने बागपत कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके साथ ही खेकड़ा निवासी राखी कश्यप पर अपने पति को परेशान करने के आरोप भी लगाए थे।

विक्रांत का शव 17 अप्रैल को बडगांव थाना क्षेत्र के हसनपुर लौटनी स्थित नहर में प्लास्टिक के बोरे में हाथ बंधा हुआ पड़ा मिला था। शिनाख्त ना होने पर पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवा दिया था। शव पर गोली के निशान भी थे। वहीं मंगलवार की शाम को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव रजापुर नौगांव में एक युवती का शव पुलिस को पड़ा मिला था।

उसके गले पर चाकूओं के निशान भी थे। सहारनपुर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राखी निवासी खामपुर बागपत विक्रांत कश्यप से शादी करना चाहती थी। इसको लेकर बागपत में एक पार्टी भी हुई थी। जिसमें विक्रांत के अलावा राखी कश्यप उसके दोस्त सुधारस चौहान चौहान एंक्लेव व कपिल चौहान पुराना कस्बा बागपत भी थे।
शराब के नशे में विवाद इतना बढ़ गया कि राखी ने लाइसेंसी पिस्टल से विक्रांत को गोली मार दी।

इसके बाद तीनों विक्रांत के शव को सहारनपुर लेकर आए। यहां तीनों ने मिलकर उसके सिर पर किसी भारी चीज से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद प्लास्टिक के बोरे में विक्रांत के शव को डालकर चादर से उसके हाथ बांध दिए थे। मामले को छिपाने के लिए सुधारस व कपिल ने एक और खौफनाक साजिश रची।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपित सुधारस चौहान को डर था कि उनका राज खुल जाएगा। ऐसे में उसने कपिल चौहान के साथ मिलकर राखी कश्यप को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रजापुर नौगांव स्थित एक फार्म हाउस पर ले जाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी और बाद में शव को नौगांव के जंगलों में फेंक दिया।
सोमवार की देर रात 12 बजे पुलिस को अज्ञात शव पड़ा होने की जानकारी मिली थी। जिस पर एसएसपी अभिनंदन, एसपी देहात मयंक पाठक भी मौके पर पहुंचे थे।

बोरा व रस्सी भी मिली थी मौके पर

राखी के शव के पास पुलिस को चौकर का प्लास्टिक का बोरा व रस्सी भी पड़ी हुई मिली थी। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने चौकर के बोरे में राखी के शव को डाला और उसके बाद जंगल में लाकर फेंक दिया होगा।

इन्होंने कहा

मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ था। एक आरोपित को लेकर हम उससे पूछताछ कर रहे हैं। वहीं मुख्य आरोपित सुधारस की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रयास जारी है। इसके लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
-मयंक पाठक एसपी देहात सहारनपुर।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।