विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चोरों की हाथ की सफाई ने उड़ाए होश, दीवार तोड़ एक झटके में बंद किए 20 CCTV; फिर करोड़ों के हीरे ले उड़े

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 23 Jan 2026 06:06 PM (IST)

Saharanpur News : सहारनपुर में टाटा कंपनी के कैरेट लेन डायमंड शोरूम से करोड़ों रुपये के हीरे के आभूषण चोरी ...और पढ़ें

शोरूम की चोरों द्वारा तोडी गई दीवार और कैरटलेन शोरूम। जागरण

शोरूम की चोरों द्वारा तोडी गई दीवार और कैरटलेन शोरूम। जागरण

HighLights

  1. फारेंसिक टीम ने घंटाें तक जुटाए साक्ष्य, दीवार तोड़कर घुसे थे चोर

  2. डीआइजी, एसएसपी, एसपी सिटी समेत मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। टाटा कंपनी के डायमंड शोरूम कैरेट लेन से करोड़ों रुपये के हीरे के आभूषण चोरी कर लिए गए। शुक्रवार को जब शोरूम का स्टाफ दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो दीवार टूटी हुई मिली और आभूषण चोरी थे। इसके बाद स्टाफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर डीआइजी, एसएसपी, एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

इसके साथ ही फारेंसिक टीम ने यहां से साक्ष्य एकत्र किए। शोरूम का स्टाफ चोरी हुए आभूषणों की लिस्ट बनाने में जुटा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। रात में जब दीवार को तोड़ी गई तो उस समय सन्नाटा छाया हुआ था। ऐसे में सवाल उठता है कि दीवार को छैनी-हथोड़े से तोड़ने की आवाज किसी को नहीं आई।

सदर बाजार थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर टाटा कंपनी की कैरेट लेन डायमंड कंपनी का शोरूम है। इसका संचालन सीधा दिल्ली से होता है। शुक्रवार को जब स्टाफ शोरूम खोलने के लिए पहुंचा तो उन्होंने देखा कि छत पर जाने वाली सीढ़ियों की दीवार टूटी है। इसके साथ ही अंदर सामान बिखरा पड़ा था। स्टाफ की सूचना पर शोरूम के मैनेजर आशीष रावत मौके पर पहुंचे और कंपनी के अधिकारियों व पुलिस काे घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही डीआइजी अभिषेक सिंह, एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी सिटी व्योम बिंदल मौके पर पहुंचे। वहीं फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शोरूम के बराबर में छत पर जाने के लिए सीढ़िया बनी हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए चोर सबसे पहले छत पर चढ़े। इसके बाद सीढ़ियों का दरवाजा तोड़ा और नीचे उतरे। शोरूम से लगी दीवार में नकब लगाकर उससे अंदर दाखिल हुए और चोरी कर फरार हो गए।

शोरूम के अंदर व बाहर 20 सीसीटीवी लगे हैं। चोरों ने वारदात से पहले सारे कैमरे बंद कर दिए थे। इससे यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी दिनों से रेकी कर रहे थे। जिस जगह से दीवार तोड़ी गई है। वहां पर सभी कैमरों का प्वाइंट यानी डीवीआर था। इसकी उन्हें पहले से ही पूरी जानकारी थी। इस दौरान शोरूम में लगा सिक्योरिटी अलार्म भी नहीं बजा.

इन्होंने कहा

शोरूम का स्टाफ चोरी हुए सामान की लिस्ट बना रहा है। उनकी तरफ से अभी तक लिस्ट उपलब्ध नहीं कराई है। लिस्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा कि कितने रुपये के आभूषण चोरी हुए है? पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही चोरों की तलाश भी शुरू कर दी है।
आशीष तिवारी एसएसपी सहारनपुर