सहारनपुर में बिना वर्दी जांच को गए थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, किसान से मारपीट के आरोप सही पाए गए
Saharanpur News: सहारनपुर में किसान से मारपीट के आरोप सही पाए जाने पर चिलकाना थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
चिलकाना थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित।
पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज भी एसएसपी को सौंपी थी।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। किसान से मारपीट के मामले में चिलकाना थाना पुलिस पर गाज गिरी है। आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी अभिनंदन ने थाना प्रभारी अक्षय शर्मा, सिपाही अरविंद और विवेक कुमार को निलंबित कर दिया है। पुलिसकर्मी बिना वर्दी के अवैध खनन की जांच करने के लिए गए थे।
हरियाणा के यमुनानगर के गांव घोड़ो पीपली निवासी किसान अनिल कुमार सिंह ने सहारनपुर एसएसपी अभिनंदन को 25 नवंबर 2026 को शिकायत देकर बताया था कि वह 16 नवंबर की रात करीब 10:25 बजे दो साथियों के साथ एक अन्य साथी को घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उत्तराखंड नंबर की ब्रेजा कार आई। कार सवार लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और साइड में होने के लिए कहा।
अनिल के मुताबिक कुछ दूर आगे जाने पर वही लोग दोबारा पीछे से आए और उनकी गाड़ी रुकवा ली। कार से उतरे लोगों के हाथों में लाठी-डंडे थे। उन्होंने अनिल और उनके साथियों के साथ मारपीट और अभद्रता की। उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने और जबरन छीनने की कोशिश भी की गई। अनिल का आरोप है कि उनके साथ मौजूद दोनों साथियों के रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।
घटना के बाद अनिल कुमार ने यमुनानगर के बूडिया थाने की घोड़ो पीपली पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज को शिकायत दी। उनका कहना है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां से जा चुके थे। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि मारपीट करने वाले लोग सहारनपुर के चिलकाना थाने में तैनात पुलिसकर्मी थे।
अनिल ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी एसएसपी अभिनंदन को सौंपी थी। उन्होंने यमुनानगर एसएसपी कमलदीप गोयल को भी इस संबंध में शिकायत दी है। एसएसपी ने एसपी सिटी व्योम बिंदल व सीओ देवबंद अमित सिंह को मामले की जांच दी थी।
दोनों अधिकारियों से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने शुक्रवार को चिलकाना थाने के इंस्पेक्टर अक्षय शर्मा, सिपाही अरविंद और विवेक कुमार को निलंबित कर दिया। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।