विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में आधार से होगी वर-वधू की पहचान, प्रवेश-निकास पर दर्ज होगी हाजिरी

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:55 PM (IST)

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अब दूल्हा-दुल्हन की बायोमेट्रिक और फेशियल पहचान से उपस्थिति दर्ज होगी। यह कदम फर्जीवाड़ा रोकने और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए उठाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सामूहिक विवाह में अब बायोमेट्रिक, फेशियल पहचान अनिवार्य।

  2. फर्जीवाड़ा रोकने, पात्रों को लाभ देने का उद्देश्य।

  3. आधार कार्ड में फोटो, बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़े और अपात्रों को लाभ मिलने की आशंका रोकने के लिए शासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब समारोह में शामिल होने वाले दूल्हा-दुल्हन की बायोमेट्रिक और फेसियल पहचान से उपस्थिति दर्ज होगी। प्रवेश और निकास, दोनों समय आधार डाटा से पहचान का सत्यापन किया जाएगा।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना ने लाभार्थियों से आधार अपडेट कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना का लाभ लेने वाले सभी जोड़ों के लिए बायोमेट्रिक और फेसियल उपस्थिति अनिवार्य है। जिनके आधार कार्ड में बचपन की फोटो है या जिन्होंने लंबे समय से फोटो और बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराया है, वे समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें।

आधार कार्ड से होगी जांच

समारोह स्थल पर फिंगरप्रिंट या चेहरे का मिलान नहीं होने पर पंजीकरण के बावजूद शादी की प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है। इसलिए आवेदन करने वाले वर-वधू अपने आधार की स्थिति जांचें और अंतिम समय की तकनीकी दिक्कत से बचने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पहले पूरी करें।

समाज कल्याण विभाग की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में सहायता के लिए है। सभी वर्गों के उन गरीब परिवारों को इसका लाभ दिया जाता है, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है।

पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ

नई सत्यापन व्यवस्था से लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित होगी और योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी, जिससे सहायता वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

योजना के तहत सरकार ने प्रति जोड़े पर खर्च होने वाली अनुदान राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी आवेदक वर-वधू से नवीन फोटो और बायोमेट्रिक आधार में अपडेट कराने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।