सहारनपुर : गोगा म्हाड़ी के सरोवर में वजू करने और नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज
सहारनपुर के गोगा म्हाड़ी परिसर में मुस्लिम महिलाओं द्वारा वजू और नमाज पढ़ने का वीडियो प्रसारित होने से विवाद बढ़ ...और पढ़ें

HighLights
गोगा म्हाड़ी परिसर में मुस्लिम महिलाओं के वजू-नमाज का वीडियो।
म्हाड़ी सभा की शिकायत पर अज्ञात महिलाओं पर मुकदमा।
पहले 'फन प्वाइंट' बनने पर भी हुआ था विवाद।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मानकमऊ स्थित गोगा म्हाड़ी परिसर में बने पवित्र कुंड में मुस्लिम महिलाओं के वजू करने और सरोवर किनारे नमाज पढ़ने का वीडियो प्रसारित होने से विवाद गहरा गया है। गोगा म्हाड़ी सभा के अध्यक्ष की तरफ से अज्ञात मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कुछ दिन पहले म्हाड़ी परिसर में फन प्वाइंट बनाए जाने के बाद म्हाड़ी परिसर में दूसरे समुदाय के लोगों के पहुंचने से विवाद की शुरुआत हुई थी। म्हाड़ी सभा ने इसे हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ बताते हुए धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया था और मुस्लिमों का प्रवेश निषेध का बोर्ड लगा दिया था।
नगर निगम ने बढ़ाया था आय का जरिया
नगर निगम ने गोगा म्हाड़ी परिसर को कपिल फन प्वाइंट का नाम देकर अपनी आय का जरिया बढ़ाया था। इसके बाद यहां पर मुस्लिम समाज के लोग भी पहुंचने लगे थे। इसको लेकर पिछले एक माह से लगातार विवाद चला आ रहा है। पिछले दिनों तीन दिन के लिए इस फन प्वाइंट पर ताला भी लगा दिया गया था। अब फिर से यहां पर विवाद होना शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि पहले मुस्लिम महिलाओं ने पवित्र कुंड में वजू किया और इसके बाद यहां पर बैठकर नमाज भी अदा की। वीडियो प्रसारित होने के बाद म्हाड़ी सुधार सभा के अध्यक्ष अनिल प्रताप सैनी ने पुलिस को तहरीर दी। कुतुबशेर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष त्यागी ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।