विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोबाइल बंद हुआ, खुद-ब-खुद होने लगा अपडेट; खाते से उड़ गए 44,705 रुपये

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 28 Nov 2026 06:10 AM (IST)

Saharanpur News: साइबर ठगों ने सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में एक युवक के मोबाइल फोन को निशाना बनाकर उसके बैंक खाते से 44,705 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है।

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. साइबर ठगों ने अपनाया ठगी का नया तरीका।

  2. मोबाइल को निशाना बनाकर बैंक खाते में सेंध लगाई।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। साइबर ठगों ने लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने के लिए ठगी का नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। अब मोबाइल फोन को निशाना बनाकर बैंक खातों तक सेंध लगाई जा रही है।

मिर्जापुर क्षेत्र में एक युवक के मोबाइल फोन पर संदिग्ध गतिविधि के बाद उसके बैंक खाते से 44 हजार 705 रुपये निकल गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर रकम वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मिर्जापुर पोल निवासी साहिल के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर के समय अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। कुछ देर बाद मोबाइल की स्क्रीन पर अपने आप अपडेट होने की प्रक्रिया शुरू हो गई। इस दौरान वह फोन का इस्तेमाल नहीं कर सका।

शुरुआत में युवक ने इसे सामान्य तकनीकी खराबी समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद बैंक खाते की जानकारी लेने पर उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने बताया कि उसके बैंक खाते से 44,705 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे। जांच करने पर पता चला कि रकम कोमल योगी नाम के बैंक खाते में भेजी गई है। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बाइक चुराकर 43 पार्सलों पर किया हाथ साफ

सहारनपुर: डिलीवरी ब्वाय की बाइक चोरी कर उस पर लदे 43 पार्सलों को पार करने वाले दो आरोपितों को सरसावा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने बाइक चोरी करने के बाद पार्सलों में रखा सामान निकालकर बेच दिया था। इससे मिली रकम को नशे की लत पूरी करने में खर्च कर दिया। थाना तीतरो क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर गुर्जर निवासी मोनू कुमार डिलीवरी ब्वाय का काम करता है। 20 नवंबर को वह सरसावा कस्बे के अंबाला रोड स्थित एक होटल के सामने अपनी बाइक खड़ी कर गया था।

बाइक पर रखे बैग में 43 पार्सल और आठ हजार रुपये की नकदी थी। कुछ देर बाद वापस लौटा तो बाइक समेत पार्सल गायब मिले। पीड़ित ने काफी तलाश की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद 25 नवंबर को उसने थाना सरसावा में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरियाणा के करनाल जिले के कलसौरा निवासी अमित और यमुनानगर जिले के स्यावला निवासी अमरदीप राणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने बाइक चोरी करने के बाद उसमें रखे 43 पार्सलों में से कुछ का सामान निकाल लिया था।

इसके बाद सामान बेचकर मिली रकम नशे की लत पूरी करने में खर्च कर दी। पुलिस अब चोरी की बाइक, शेष पार्सलों के सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।