सहारनपुर में सायरन बजते ही छाया अंधेरा, सुरक्षित ठिकानों की तरफ दौड़े लोग!
Saharanpur News: सहारनपुर के एसएएम इंटर कॉलेज में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए ब्लैक आउट माक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।

HighLights
एसएएम इंटर कालेज में हवाई हमले से निपटने का अभ्यास।
आग बुझाने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक परखी तैयारियां।
विभिन्न विभागों ने बचाव और राहत कार्यों का प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। हवाई हमले की चेतावनी, अचानक ब्लैक आउट और सुरक्षित ठिकानों की ओर भागते लोग...। एसएएम इंटर कालेज में रविवार शाम छह बजे ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मौका था शासन के निर्देश पर आयोजित ब्लैक आउट माक एक्सरसाइज का।
इसमें हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों ने अपनी तैयारियों और आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान सायरन बजने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
माक एक्सरसाइज का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर डा. अजय कुमार सिंह की उपस्थिति में हुआ। अभ्यास के तहत सबसे पहले हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैक आउट किया गया।
इसके बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में पहुंचने का अभ्यास कराया गया। खतरा टलने पर दो मिनट तक तेज आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाकर सामान्य स्थिति बहाल होने का संकेत दिया गया।
इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान की बारीकियों को परखा गया। प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने, छोटी आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर और दमकल वाहन के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया गया। हमले में घायल लोगों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने प्राथमिक उपचार दिया।
वहीं, क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई। अंत में माक एक्सरसाइज समाप्त होने की घोषणा की गई।
अभ्यास में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, पुलिस, चिकित्सा, होमगार्ड, विद्युत विभाग, एयरफोर्स स्टेशन सरसावा, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एंड गाइड तथा एसएएम इंटर कालेज की टीमों ने प्रतिभाग किया। एयरफोर्स स्टेशन सरसावा से बलजीत सिंह गिल भी अभ्यास में शामिल हुए। पूरी एक्सरसाइज उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नवीन नारंग के निर्देशन में संपन्न हुई।
इस दौरान चीफ वार्डन राजेश कुमार, डिप्टी चीफ वार्डन डा. हंसराज सैनी, स्टाफ आफिसर जगजीवन सिंह, प्रभागीय वार्डन देशबंधु शर्मा, देवेंद्र कुमार, वसीम अख्तर, ऋषभ अग्रवाल, एमपी सिंह चावला, राकेश जैन, दीपक गुप्ता, अशोक कुमार सैनी, अनुराग जैन आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।